कुत्तों के हमले से बच्ची घायल, पिता की शिकायत पर पडोसी के खिलाफ मामला दर्ज

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। ग्रीनफील्ड कॉलोनी में आवारा कुत्तों के आतंक का एक और मामला सामने आया है। यहां घर के बाहर खेल रही पांच साल की मासूम बच्ची पर तीन कुत्तों ने हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बच्ची के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पड़ोस में रहने वाली महिला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्रीनफील्ड कॉलोनी निवासी कपिल की बेटी लवण्या रात करीब 10 बजे घर के बाहर खेल रही थी। तभी पास में रहने वाली शैली उर्फ शैलजा विनायक के कुत्तों ने अचानक बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्ची की पीठ और कमर पर कई जगह काट लिया। बच्ची के रोने और चीखने की आवाज सुनकर उसकी मां तुरंत मौके पर पहुंची और बड़ी मुश्किल से उसे कुत्तों से छुड़ाया।

परिजन तुरंत घायल बच्ची को इलाज के लिए बीके अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया। मेडिकल रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर चार चोटों की पुष्टि हुई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि महिला ने गली में कई आवारा कुत्ते पाल रखे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी कुत्तों को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि महिला पास के खाली प्लॉट में कुत्तों को रखती है और विरोध करने पर अभद्रता व धमकी देती है। ग्रीनफील्ड चौकी पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top