फरीदाबाद क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन, नशे के अवैध कारोबारियों पर ताबड़तोड़ दबिश;

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। एनआईटी-3 स्थित नेहरू कॉलोनी में शनिवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब क्राइम ब्रांच की 10 टीमों ने एकसाथ नशा तस्करों के खिलाफ व्यापक तलाशी अभियान छेड़ दिया। इस अभियान में 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी शामिल हैं, जो गली-गली और घर-घर जाकर नशीले पदार्थों की तलाश कर रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को काफी समय से खुफिया जानकारी मिल रही थी कि नेहरू कॉलोनी में संगठित रूप से नशे का कारोबार चलाया जा रहा है और कुछ मकानों को नशा सप्लाई के अड्डों के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी सूचना के आधार पर अचानक छापेमारी की योजना बनाई गई, ताकि आरोपियों को भागने का मौका न मिल सके।

पुलिस टीमों ने संदिग्ध मकानों को घेरकर तलाशी शुरू की। जहां महिलाएं मौजूद थीं, वहां महिला पुलिसकर्मियों ने जांच की। प्रारंभिक कार्रवाई में 4 से 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है और मौके से बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद होने की भी सूचना है। छापेमारी के दौरान कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग घरों के बाहर जमा हो गए।

फरीदाबाद पुलिस इससे पहले भी नशा तस्करों के खिलाफ कई बड़े अभियान चला चुकी है। वर्ष 2024 में “ऑपरेशन आक्रमण” के तहत जिलेभर में एकसाथ छापेमारी करके नशा तस्करी, अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों में लिप्त दर्जनों लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई भी हो चुकी है।

क्राइम ब्रांच की टीम नेहरू कॉलोनी में पहले भी कई बार अभियान चला चुकी है, लेकिन पुलिस को आशंका है कि कुछ गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। इसी वजह से इस बार भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान पूरा होने के बाद बरामदगी और गिरफ्तारियों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top