फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। मुख्यमंत्री उड़न दस्ता फरीदाबाद को गुप्त सूचना मिली कि नंगला एनक्लेव पार्ट-2 स्थित शैली न्यूट्रिशन नामक फूड सप्लीमेंट स्टोर में न्यूट्रिशन उत्पादों की आड़ में अवैध रूप से स्टेरॉयड दवाएं बेची जा रही हैं, जिससे क्षेत्र के युवाओं के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। सूचना मिलते ही उड़न दस्ते ने ड्रग कंट्रोल ऑफिसर फरीदाबाद प्रवीण राठी को सतर्क किया।

इसके बाद ड्रग कंट्रोल ऑफिसर की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर नगला पार्ट-2, पर्वतीय कॉलोनी स्थित शैली न्यूट्रिशन स्टोर पर औचक छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान दुकान संचालक सुरेंद्र उर्फ सोनू गोयल मौके पर मौजूद था। पूछताछ में वह कोई भी वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत करने में असमर्थ रहा। दुकान में फूड सप्लीमेंट उत्पादों के साथ-साथ विभिन्न कंपनियों की बड़ी संख्या में अंग्रेजी दवाएं भी बरामद हुईं।
जांच के दौरान टीम को पास की गली में एक अवैध गोदाम का भी पता चला, जिसमें भारी मात्रा में दवाएं और न्यूट्रिशन उत्पाद छुपाकर रखे गए थे। दुकान और गोदाम की संयुक्त तलाशी में कुल 115 प्रकार की अंग्रेजी दवाएं मिलीं, जिनमें से 90 प्रकार की स्टेरॉयड टेबलेट और इंजेक्शन शामिल थे। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर प्रवीण राठी ने सभी दवाओं की विस्तृत सूची तैयार कर उन्हें दो अलग-अलग सीलबंद पेटियों में जब्त कर लिया।
आरोपी सोनू गोयल के विरुद्ध न्यायालय में मुकदमा दायर किया जाएगा और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई युवाओं को अवैध स्टेरॉयड दवाओं के दुष्प्रभावों से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।