फरीदाबाद (सरूप सिंह)। जिले के सारन गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ 50 वर्षीय मुकेश की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को गांव नेकपुर के निकट फेंक दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रेम-प्रसंग बना हत्या की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का मृतक की बेटी के साथ प्रेम-संबंध था। दोनों एक ही कंपनी में कार्यरत थे। मृतक इस रिश्ते का विरोध कर रहा था, जो हत्या की वजह बताई जा रही है।
संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ लापता
पुलिस के अनुसार, मुकेश कुछ दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। बाद में उसका शव गांव नेकपुर के पास मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
थाने पहुंचकर खुद फंसा आरोपी
जांच के दौरान पुलिस की नजर एक ऐसे युवक पर पड़ी, जो स्वयं थाने आकर मुकेश की गुमशुदगी दर्ज कराने की कोशिश कर रहा था। पूछताछ में उसके बयानों में विरोधाभास उजागर हुआ। सख्त पूछताछ के बाद युवक ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
शव छुपाने की भी कोशिश
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने मुकेश को गला दबाकर मारने के बाद शव को नेकपुर गांव के पास इसलिए फेंका, ताकि मामला दब जाए। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।