फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। विभागों के बीच तालमेल की कमी एक बार फिर भारी पड़ गई। बड़खल चौक से सेक्टर-28 बाईपास रोड पर कचरे में लगी आग के कारण बिजली निगम की भूमिगत केबल जल गई, जिससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। नुकसान का आकलन करने पर करीब 23.39 लाख रुपये की केबल और पाइप जलने की पुष्टि हुई है।

बिजली निगम ने इस नुकसान की भरपाई के लिए फरीदाबाद मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (एफएमडीए) से वसूली करने का निर्णय लिया है। फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे बने एक गड्ढे में लंबे समय से कचरा डाला जा रहा था। इसी स्थान के पास बिजली निगम की भूमिगत केबल बिछी हुई थी।
गड्ढा भरने की जिम्मेदारी एफएमडीए की थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। कचरे में अचानक आग लगने से केबल और पाइप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। आग लगने के कारणों की जांच अभी जारी है। बिजली निगम के अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बिना सूचना के केबल के पास गड्ढा खोदना बड़ी लापरवाही है, जिससे विभाग को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
बिजली निगम का बयान
बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता जितेंद्र ढुल ने बताया कि सेक्टर-28 में कचरे की आग से केबल और पाइप को नुकसान पहुंचा था। सबसे पहले वैकल्पिक व्यवस्था कर सप्लाई बहाल की गई, इसके बाद नुकसान का आकलन किया गया। अब एफएमडीए को नोटिस भेजकर नुकसान की भरपाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जिले में कहीं से भी बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत मिलते ही तुरंत टीम भेजकर समस्या का समाधान किया जाता है।
आंधी-तूफान से भी बिगड़ी बिजली व्यवस्था,
मंगलवार रात आई हल्की बारिश और तेज हवाओं के बाद शहर के कई इलाकों में बिजली संकट गहरा गया। नहर पार भारत कॉलोनी, इंदिरा कॉम्प्लेक्स, पल्ला, तिलपत, सेहतपुर, अगवानपुर, एनआईटी संजय कॉलोनी, सेक्टर-23, जवाहर कॉलोनी, शिवदुर्गा विहार, दयाल बाग और सूरजकुंड जैसे क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रही।

लोगों की परेशानी बढ़ी, पानी सप्लाई भी प्रभावित
स्थानीय निवासियों ने बिजली कटौती पर नाराजगी जताई। शिवदुर्गा विहार निवासी अर्जुन सिंह ने कहा कि बिजली जाने से पानी की आपूर्ति भी प्रभावित होती है, इसलिए नगर निगम और बिजली निगम के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। सूरजकुंड क्षेत्र के दिलीप तिवारी ने बताया कि पिछले दो दिनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ी हुई है और शिकायतों का समय पर समाधान नहीं हो रहा। वहीं सेक्टर-23 के रामरेखा यादव ने कहा कि उनकी कॉलोनी में बार-बार बिजली कट लग रहे हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
**स्रोत: दैनिक जागरण**