फरीदाबाद-दिल्ली डीएमई एलिवेटेड रोड फिर बंद, सुरक्षा इंतजाम पूरे होने के बाद खुलेगी लेन

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। फरीदाबाद से दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों के लिए शुरू की गई दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड लेन को फिलहाल बंद कर दिया गया है। यह फैसला दिल्ली पुलिस द्वारा यातायात सुरक्षा को लेकर उठाई गई आपत्तियों के बाद लिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अब संबंधित स्थान पर सुरक्षा इंतजाम पूरे करने में जुट गया है।

जैतपुर-मीठापुर क्षेत्र से डीएनडी जंक्शन तक करीब 9 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर को 21 अगस्त को ट्रायल के आधार पर यातायात के लिए खोला गया था। उस समय फरीदाबाद से दिल्ली और दिल्ली से फरीदाबाद, दोनों दिशाओं में वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई थी। हालांकि, ट्रायल के दौरान आश्रम-महारानी बाग फ्लाईओवर और डीएमई एलिवेटेड रोड के मिलने वाले स्थान पर यातायात सुरक्षा से जुड़ी खामियां सामने आईं।

दिल्ली पुलिस ने एनएचएआई को अवगत कराया कि मर्जिंग प्वाइंट पर पर्याप्त चेतावनी संकेत, रंबलिंग स्ट्रिप और गति नियंत्रित करने के अन्य उपाय नहीं किए गए हैं। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के आपस में टकराने की आशंका बनी हुई थी।

मर्जिंग प्वाइंट बना चिंता का कारण

आश्रम चौक की ओर से महारानी बाग होते हुए डीएनडी जंक्शन की दिशा में आने वाला फ्लाईओवर और डीएमई एलिवेटेड रोड एक ही स्थान पर मिलते हैं। दोनों ओर से आने वाले वाहनों की गति अधिक होने पर यहां दुर्घटना की संभावना को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इस व्यवस्था पर आपत्ति जताई। मामले की जानकारी दिल्ली पुलिस आयुक्त के माध्यम से एनएचएआई अधिकारियों तक पहुंचाई गई। इसके बाद एनएचएआई की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर करने का काम शुरू कर दिया।

दो-तीन दिन में फिर शुरू हो सकती है आवाजाही

फिलहाल दिल्ली की सीमा में यातायात सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। रंबलिंग स्ट्रिप, स्पीड कंट्रोल उपाय, संकेतक और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद फरीदाबाद से दिल्ली जाने वाली लेन को दोबारा खोलने की तैयारी है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक धीरज सिंह के अनुसार, ट्रायल का उद्देश्य भी सड़क और यातायात व्यवस्था में मौजूद कमियों को समय रहते पहचानना होता है।

उन्होंने कहा कि, “दिल्ली सीमा में यातायात सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। रंबलिंग स्ट्रिप, गति नियंत्रित करने के उपाय और अन्य सुरक्षा प्रबंध पूरे किए जा रहे हैं। उम्मीद है कि दो से तीन दिन में फरीदाबाद से दिल्ली जाने वाली लेन को दोबारा चालू कर दिया जाएगा।” मंगलवार को रोड बंद होने के कारण कई वाहन चालक असमंजस में भी दिखाई दिए। ट्रायल के दौरान दोनों दिशाओं में शुरू की गई आवाजाही में अब फरीदाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों पर अस्थायी रोक लगा दी गई है, जबकि सुरक्षा कार्य पूरा होने के बाद इसे फिर से शुरू करने की योजना है।

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top