फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। शहर के सेक्टर-16 में युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने एम3एम फाउंडेशन के ‘लक्ष्य’ कार्यक्रम के तहत आधुनिक खेल मैदानों का लोकार्पण किया। इस परियोजना के अंतर्गत फुटबॉल, बैडमिंटन और बास्केटबॉल के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त मैदान तैयार किए गए हैं।

इस अवसर पर मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य खेल संस्कृति को मजबूत करना और युवाओं को सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि खेल केवल शारीरिक विकास ही नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती, अनुशासन और टीम भावना को भी बढ़ावा देते हैं। ऐसे आधुनिक मैदान युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच प्रदान करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि यह पहल क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए भविष्य में मजबूत आधार तैयार करेगी और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी। साथ ही, सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। अपने संबोधन में उन्होंने सेक्टर-16 समेत पूरे क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी दी।`
फरीदाबाद भविष्य में एक ग्लोबल सिटी बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा में विकास कार्य योजनाबद्ध तरीके से किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट दिखाई देने लगे हैं। कार्यक्रम में मेयर प्रवीण बत्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर इस पहल का स्वागत किया।