फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। थाना सूरजकुंड क्षेत्र में सुबह करीब 5:30 बजे क्राइम ब्रांच और एक वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया और इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।

क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया की, यह आरोपी 11 मार्च को सरूरपुर गांव के सैनी चौक स्थित एक ज्वेलरी शॉप में हुई लूट के मामले में वांछित था। इस वारदात में करीब 62 से 63 लाख रुपये के जेवरात लूटे गए थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी दिल्ली से सूरजकुंड इलाके में अपने एक साथी से मिलने आने वाला है। इसी इनपुट के आधार पर तुगलकाबाद-सूरजकुंड रोड पर नाकाबंदी की गई।
सुबह एक युवक बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा और बाइक छोड़कर जंगल की ओर दौड़ पड़ा। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पकड़ा गया। अनिल कुमार ने बताया की पूछताछ में आरोपी की पहचान धर्मवीर उर्फ बाबू निवासी जिला संभल, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पर लूट, हत्या, फिरौती और हत्या के प्रयास सहित करीब 11 मामले दर्ज हैं। उसके दो साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि एक अन्य आरोपी रिहान उर्फ रबिन अभी फरार है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी और उसके साथी दिल्ली में किसी बड़े ज्वेलर के यहां बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे और इसी सिलसिले में उनकी मुलाकात तय थी। पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ में सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं और मामले की आगे जांच जारी है।