रिटायर्ड SI की हनक के आगे बेबस दिखी पुलिस, DTP से भिड़ंत

फरीदाबाद: DTP और रिटायर्ड SI के बीच हाई-वोल्टेज टकराव, सीलिंग कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम रही मूकदर्शक

फरीदाबाद (सरूप सिंह)। सेक्टर-76 स्थित P-ब्लॉक के रिहायशी इलाके में गुरुवार को जिला नगर योजनाकार (DTP) यजन चौधरी की टीम ने अवैध रूप से चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान ब्यूटी पार्लर, क्लिनिक और अन्य दुकानों समेत करीब नौ यूनिटों को सील किया गया।

कार्रवाई उस वक्त विवाद में बदल गई जब टीम एक अवैध प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर पर पहुँची। यह दफ्तर हरियाणा पुलिस के एक रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर द्वारा संचालित बताया गया। सीलिंग की कार्रवाई से नाराज़ रिटायर्ड अधिकारी ने मौके पर ही रौब दिखाते हुए DTP यजन चौधरी को चुनौती दी और कार्रवाई में रुकावट डालने की कोशिश की।

पुलिस टीम का ढुलमुल रवैया

स्थिति बिगड़ती देख DTP चौधरी ने मौके पर मौजूद पुलिस यूनिट प्रभारी ASI शिवकुमार से बाधा डाल रहे रिटायर्ड SI को हटाने को कहा, लेकिन पुलिसकर्मी आगे नहीं बढ़े। नाराज़ DTP ने जब पुलिस कमिश्नर से शिकायत करने की बात कही, तब भी तैनात पुलिसकर्मियों का रवैया अपने पूर्व सहकर्मी के प्रति नरम ही बना रहा। अब देखना यह होगा कि ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।

15 अवैध यूनिटों की पहचान, 9 सील

DTP यजन चौधरी ने बताया कि P-ब्लॉक के रिहायशी मकानों की ग्राउंड फ्लोर पर करीब 15 व्यावसायिक यूनिटें अवैध रूप से संचालित हो रही थीं। इनमें से नौ यूनिटों को मौके पर सील कर दिया गया, जबकि चार से पाँच संचालकों ने कार्रवाई की आशंका से पहले ही जगह खाली कर दी।

नर्सिंग होम को दी गई मोहलत

इलाके में चल रहे एक अवैध नर्सिंग होम में मरीज भर्ती पाए गए। मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने संचालक को सोमवार तक जगह खाली करने की मोहलत दी है। समय सीमा समाप्त होने के बाद इस नर्सिंग होम को भी सील कर दिया जाएगा।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top