मोहना एलिवेटेड रोड निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, अस्पताल रोड पर शुरू हुआ रैंप का काम

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। राष्ट्रीय राजमार्ग और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाली मोहना एलिवेटेड रोड परियोजना के निर्माण कार्य में अब तेजी दिखाई देने लगी है। अस्पताल रोड पर एलिवेटेड मार्ग के चढ़ाव और उतार के लिए रैंप निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है। इसके तहत सड़क किनारे पत्थर लगाए जा रहे हैं और जल्द ही मिट्टी भराई का कार्य भी आरंभ होगा, जिससे परियोजना के शेष हिस्सों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा करीब 225 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे इस एलिवेटेड मार्ग की समयसीमा जून 2026 निर्धारित की गई थी। हालांकि निर्माण कार्य की धीमी गति के चलते अब तक केवल लगभग 50 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है। परियोजना के जैन कॉलोनी वाली गली से लेकर कल्पना चावला सिटी पार्क तक के हिस्से में अभी भी काम प्रभावित है।

यहां पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य बाकी होने के कारण पिलर निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार पाइपलाइन से संबंधित फाइल अभी तक पूरी तरह स्वीकृत नहीं हो सकी है, जिसके कारण पाइप मौके पर नहीं पहुंच पाए हैं। दूसरी ओर, परियोजना के अधिकांश हिस्सों में पिलर तैयार किए जा चुके हैं और उन पर पियर कैप बनाने का कार्य जारी है।

प्रेम नगर और यादव कॉलोनी के सामने कई स्थानों पर गार्डर रखने के बाद स्लैब डालने का काम भी पूरा किया जा चुका है। अब अस्पताल रोड पर रैंप निर्माण शुरू होने से लोगों को उम्मीद है कि परियोजना को जल्द पूरा किया जा सकेगा। स्थानीय निवासी बाल किशन शर्मा का कहना है कि जैन कॉलोनी से सिटी पार्क तक पेयजल पाइपलाइन डालने का कार्य जल्द शुरू होना चाहिए, क्योंकि इसी वजह से परियोजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा लंबित है।

अनाज मंडी से जुड़े आढ़ती राहुल मित्तल ने बताया कि एलिवेटेड मार्ग बनने से किसानों को मंडी तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी। इससे यातायात सुचारु होगा और कृषि उपज की आवक भी बढ़ेगी। पीडब्ल्यूडी बल्लभगढ़ के उपमंडल अधिकारी रवि इंद्र सिंह ने बताया कि पेयजल पाइपलाइन से संबंधित फाइल को जल्द मंजूरी दिलाने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि एलिवेटेड रोड के ऊपर और नीचे दोनों स्तरों पर निर्माण कार्य जारी है।

रैंप निर्माण के लिए आवश्यक मिट्टी भराई का काम भूमि उपलब्ध होते ही शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की ओर एक अतिरिक्त अंडरपास भी बनाया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था और बेहतर हो सकेगी। परियोजना पूरी होने के बाद बल्लभगढ़, मोहना और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को जाम से राहत मिलेगी तथा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक तेज और सुगम संपर्क उपलब्ध हो सकेगा।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top