फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेन्द्र ने शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी फरीदाबाद की संवाद बैठक में संगठन की मजबूती और मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने की, जिसमें जिला कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

राव नरेन्द्र ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भाजपा सरकार पर चुनावी गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाता सूची का गंभीरता से परीक्षण करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से हटता है तो उसका नया आवेदन भरवाया जाए और गलत तरीके से नाम काटे जाने पर आपत्ति दर्ज कराकर उसे दोबारा जुड़वाया जाए। उन्होंने विधानसभा प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर जिला अध्यक्ष को नियमित रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं तथा कांग्रेस इन जनहित के मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी। वहीं प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं और पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे उन्हें साथ लेकर चलें। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को अधिक से अधिक कांग्रेस से जोड़ने का आह्वान करते हुए दावा किया कि हरियाणा में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने दोनों नेताओं का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत करने का भरोसा दिलाया और जिला कांग्रेस की गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और राव नरेन्द्र का राधा-कृष्ण की प्रतिमा व शॉल भेंट कर सम्मान किया गया। बैठक में जिला कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
—
