भिवानी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज भिवानी के भवानीखेड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्र को करीब 78 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान तीन विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और चार परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन विकास कार्यों में करीब 24 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, जबकि 53 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली चार परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया।

भवानीखेड़ा की अनाज मंडी में आयोजित संकल्प जनसभा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों का आभार जताते हुए कहा कि जिस प्रेम और सम्मान के साथ उनका स्वागत किया गया है, उसके लिए वह क्षेत्रवासियों के आभारी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भवानीखेड़ा के विकास में हरियाणा सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। सरकार क्षेत्र के विकास को तेज गति देने के लिए लगातार काम करेगी।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के समय केवल बातें और वादे किए जाते थे, लेकिन काम नहीं होता था। उन्होंने कहा कि हरियाणा में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है और विकास की धारा लगातार आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भवानीखेड़ा में करीब 78 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है। इनमें करीब 53 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और 24 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि भवानीखेड़ा के विकास को आगे भी प्राथमिकता दी जाएगी और क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा।
