मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बजट तोहफा: फरीदाबाद को मिलेंगे दो बड़े एलिवेटेड मार्ग

फरीदाबाद (सरूप सिंह)। नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में वर्ष 2026-27 का राज्य बजट प्रस्तुत करते हुए फरीदाबाद के लिए दो महत्वपूर्ण एलिवेटेड संपर्क मार्ग परियोजनाओं की घोषणा की। इन परियोजनाओं को शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

850 करोड़ से बनेगा 8 किलोमीटर का एलिवेटेड मार्ग

मुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्वी फरीदाबाद से पश्चिमी फरीदाबाद (बड़खल मार्ग) तक मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे से सैनिक कॉलोनी मोड़ को जोड़ते हुए लगभग 850 करोड़ रुपये की लागत से करीब 8 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मार्ग विकसित किया जाएगा। इस परियोजना में 5 फ्लाईओवर भी शामिल होंगे, जिससे शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा और आवागमन अधिक सुगम बनेगा।

700 करोड़ से 9 किलोमीटर का दूसरा संपर्क मार्ग

इसके अतिरिक्त, पूर्वी फरीदाबाद से पश्चिमी फरीदाबाद (बाटा मार्ग) तक सैनिक कॉलोनी मोड़ से बीपीटीपी चौक तक लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से 9 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड, निर्बाध संपर्क मार्ग बनाया जाएगा। इस परियोजना में 4 फ्लाईओवर प्रस्तावित हैं। सरकार का दावा है कि इन दोनों परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद फरीदाबाद में ट्रैफिक जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

दिल्ली-एनसीआर कनेक्टिविटी होगी और मजबूत

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि राज्य सरकार बुनियादी ढांचे के सशक्तिकरण के माध्यम से प्रदेश के संतुलित और तीव्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इन परियोजनाओं से दिल्ली-एनसीआर से जुड़ाव और अधिक सुदृढ़ होगा, जिससे व्यापार, उद्योग और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।

विधायक ने जताया आभार

बड़खल के विधायक धनेश अदलखा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2026-27 का बजट ‘विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण’ की भावना पर आधारित है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में प्रस्तावित ये एलिवेटेड मार्ग राज्य सरकार की दूरदर्शी योजना और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर विजन का प्रमाण हैं।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top