फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। सुधा रुस्तगी कॉलेज ऑफ डेंटल साइंसेज और रिसर्च, फरीदाबाद के दीक्षांत समारोह में पहुंचे कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के स्वास्थ्य सेक्टर ने बड़ी लकीर खींची है। आज देश के 60 करोड़ से ज्यादा लोगों तक आयुष्मान भारत के तहत स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने का काम हमारी सरकार ने किया है। इन 11 सालों में देश में अनेक बड़े अस्पतालों का निर्माण, चिकित्सा की पढ़ाई के लिए व्यवस्थाओं का निर्माण सरकार ने किया है। देश निश्चित ही 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनेगा।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि मंत्री राजेश नागर ने कहा कि आज कॉलेज और स्टूडेंट्स दोनों के लिए विशेष अवसर है लेकिन डॉक्टर बनने के बाद आपको लोगों का स्वास्थ्य संवारकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरनी है। उन्होंने सभी युवा डॉक्टरों को उनके समर्पण और उपलब्धि के लिए बधाई देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंत्री राजेश नागर ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। इसलिए हमें अपनी क्षमता का प्रयोग देश के निर्माण में करना है। उन्होंने कहा कि हमारा युवा धन ही विकसित भारत की मजबूत नींव रखेगा।
इस अवसर पर उन्होंने कॉलेज प्रबंधन के साथ 283 स्नातक (बीडीएस) एवं 73 स्नातकोत्तर (एमडीएस) विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कर उन्हें डेंटल ओथ के साथ समाज की सेवा ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं पेशेवर निष्ठा के साथ करने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर अध्यक्ष धर्मवीर गुप्ता, ट्रस्ट्री दीपक गुप्ता, ट्रस्टी संतोष गुप्ता, डा. गरिमा गुप्ता, प्राचार्य डा. सी. एम. मर्या एवं सीईओ डा. विशाल जुनेजा, पं. बी. डी. शर्मा यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज रोहतक के कुलपति प्रो. (डा.) एच. के. अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।