फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। सेक्टर-9 स्थित अग्रसेन वाटिका में अग्रसेन महाराज की प्रतिमा का विधिवत एवं गरिमामय अनावरण किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अग्रसेन समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति, युवा साथी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। यह आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और सेवा परंपरा का प्रतीक बना।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि अग्रसेन महाराज केवल शासक नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, सहयोग और सामूहिक समृद्धि के अग्रदूत थे। उन्होंने ऐसे समय में सहयोग आधारित व्यवस्था दी, जब राजसत्ता को शक्ति का प्रतीक माना जाता था। उनका सिद्धांत था कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति आत्मनिर्भर बने, लेकिन अकेला न रहे। नए परिवार को समाज का सहयोग मिलना उनकी दूरदर्शी सामाजिक सोच का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि अग्रसेन महाराज की विचारधारा से प्रेरित अग्रसेन समाज ने सदियों से भारत की आर्थिक और सामाजिक संरचना को मजबूती दी है। व्यापार में ईमानदारी, समाजसेवा और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य—यही अग्रसेन परंपरा की पहचान है। संकट के समय समाज ने हमेशा राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाई है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल और समावेशी विकास की भावना अग्रसेन महाराज के विचारों से गहराई से जुड़ी है।
आज स्थापित यह प्रतिमा केवल स्मारक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए मूल्य शिक्षा का केंद्र बनेगी। यह युवाओं को सिखाएगी कि सच्ची सफलता समाज के साथ जुड़कर ही प्राप्त होती है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने अग्रसेन समाज फरीदाबाद को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई देते हुए सभी से आग्रह किया कि अग्रसेन महाराज की विचारधारा को आचरण, व्यापार और सामाजिक जीवन में अपनाकर एक समरस और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान दें।