फरीदाबाद (सरूप सिंह)। भारतीय जनता पार्टी के श्रमिक प्रकोष्ठ, जिला फरीदाबाद द्वारा होली मिलन समारोह का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा श्रमिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शैलेंदर सिंह ने किया। समारोह में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।

इससे पहले पूर्व जिला पार्षद और भारतीय जनता पार्टी के श्रमिक प्रकोष्ठ, जिला फरीदाबाद के संयोजक शैलेंदर सिंह ने गांव सीकरी के वृद्ध आश्रम में जाकर वृद्धजनों से आशीर्वाद लिया और उनका हालचाल जाना। यहाँ भी शैलेंदर सिंह ने माताओं को मिठाई खिलाई और उनके साथ फूलों से होली खेली।
कार्यक्रम की शुरुआत फूलों की होली और पारंपरिक रंग-गुलाल से हुई। उपस्थित जनों ने एक-दूसरे पर फूल बरसाकर होली की शुभकामनाएँ दीं और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और स्वागत भाषणों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को उजागर किया गया। इस अवसर पर शैलेंदर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता का प्रतीक है।
उन्होंने श्रमिक वर्ग की समस्याओं के समाधान तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही, उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया। समारोह में विभिन्न वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की श्रमिक हितैषी नीतियों की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा सामूहिक जलपान के साथ समारोह का समापन हुआ। यह होली मिलन समारोह न केवल उत्सव का अवसर बना, बल्कि संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक एकता का सशक्त संदेश भी देकर गया।