कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम के छह अंतरे गाने का विरोध करते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और BJP पर ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी वंदे मातरम के उसी वर्जन को गा रही है, जिसे महात्मा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल के साथ देश के अन्य राष्ट्रीय नेताओं ने तय किया था.
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वंदे मातरम के छोटे वर्जन को निर्धारित करने वाले राष्ट्रीय नेता भी देशद्रोही थे? आपने (पीएम मोदी/अमित शाह/बीजेपी) भी इतने सालों तक इसे नहीं गाया, तो क्या आप भी देशद्रोही हो गए?
अमित शाह के हमले पर खरगे ने दिया जवाब
न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा के मुताबिक, राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार (22 अगस्त, 2026) को कर्नाटक के कलबुर्गी में मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दिए उस बयान को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी, जिसमें शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था, ‘वंदे मातरम के सिर्फ दो अंतरों को गाना कांग्रेस का देशविरोधी फैसला है और यह कानून की अवहेलना करते हुए अपने वोट बैंक को खुश करने का प्रयास है.’
खरगे ने कहा, ‘अगर आप इतिहास पढ़ेंगे तो पता चलेगा कि पंडित नेहरू, महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस और वल्लभभाई पटेल ने संयुक्त रूप से वंदे मातरम को छह अंतरों से घटाकर दो अंतरों तक छोटा करने का फैसला किया था और कहा था कि यह देश के लिए बहुत बेहतर है.’ उन्होंने कहा, ‘साल 1937 में हमारे देश को आजादी भी नहीं मिली थी, लेकिन उन सभी ने मिलकर यह फैसला लिया था और पिछले 90 सालों से हम उसी फैसले का पालन करते आ रहे हैं.’
#WATCH | Kalaburagi, Karnataka: Congress President Mallikarjun Kharge says, “They (BJP) claim that anyone who doesn’t sing ‘Vande Mataram’ is a traitor. They are the ones who are actually traitors; after all, they wanted to remain slaves to the British, whereas we were the ones… pic.twitter.com/dmImCbnwsx
— ANI (@ANI) August 22, 2026
भाजपा और मोदी सरकार से खरगे ने पूछा सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल किया कि पिछले 90 सालों तक जब इस मुद्दे पर कोई विवाद नहीं था, तो अब इसे क्यों उठाया जा रहा है. उन्होंने कहा, ‘जब आप (मोदी) गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब आपने इसे क्यों नहीं गाया? आप पिछले 11-12 सालों से प्रधानमंत्री हैं, फिर अब तक इस मुद्दे पर कुछ क्यों नहीं किया? देश के कई राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं और वहां आपके ही मुख्यमंत्री हैं, वहां इसे लागू क्यों नहीं किया? जब आपका मन करता है, आप नए मुद्दे लेकर खड़े हो जाते हैं.’
यह भी पढ़ेंः चाइनीज कमेंट को लेकर वायरल टिंकल ने गाया जन गण मन, सामने आया VIDEO
