- शुभेंदु अधिकारी ने दिल्ली विरोध से जुड़ाव की जांच के निर्देश दिए।
पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में एक शख्स की मौत के मामले में पीड़ित परिवार ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर आरोप लगाया है. पीड़ित परिवार का कहना है कि भाजपा से जुड़े लोगों ने उनके घर पर हमला किया था, जिसमें 51 वर्षीय शख्स गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई. हालांकि, बंगाल के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है.
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार (16 अगस्त, 2026) को कहा कि हत्या के मामले में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, वे अपराधी हैं और उनका भाजपा के साथ कोई संबंध नहीं है. इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
घटना को लेकर बोले बंगाल के मुख्यमंत्री
शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘यहां भाजपा का कोई संबंध नहीं है. ये सभी अपराधी हैं. उनके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी.’ उन्होंने कहा, ‘इस बात की जांच होनी चाहिए कि क्या यह घटना सच में दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़ी है. FIR में भाजपा का नाम नहीं है. एफआईआर की कॉपी में आरोपियों को उपद्रवी बताया गया है. यहां कानून-व्यवस्था अच्छी है, इसलिए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पीड़ित के घर पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं.’
क्या था पूरा मामला?
दरअसल, बांकुड़ा में घटी इस घटना को लेकर पीड़ित परिवार का आरोप है कि 51 वर्षीय मृतक शेख मोहम्मद मफीक की मौत उसके बेटे शेख अब्दुल हाफिज के दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के कारण एक समूह की तरफ से उनकी बेरहमी से पिटाई से हुई है.
CJP सदस्य शेख अब्दुल हाफिज के परिवार का कहना है कि जंतर-मंतर के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने और स्थानीय प्राथमिक स्कूल की खराब स्थिति और खराब प्रबंधन को लेकर सवाल उठाने के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनके घर पर हमला किया. इस हमले में उसके पिता शेख मोहम्मद मफीक गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई.
यह भी पढ़ेंः जावेद अख्तर ने PAK राष्ट्रपति की उधेड़ी बखिया, कहा – ‘हिंदुओं की…’
