सोनीपत, (प्राइम नई ब्यूरो)। सोनीपत के इतिहास में पहली बार हिंदू नव वर्ष की पूर्व संध्या पर मंगलवार को हिंदू नव वर्ष जागृति मंडल की तरफ से हिंदू नव वर्ष जागृति शोभा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। स्वामी दिव्यानंद भिक्षु, स्वामी दयानंद सरस्वती एवं गुरु सरोज माता ने गुड़ मंडी से शंखनाद के साथ झंडी दिखाकर विशाल शोभा यात्रा का शुभारंभ किया। शोभा यात्रा शहर के विभिन्न जगहों से होकर गुजरी।

शोभा यात्रा के दौरान पूरा शहर भगवा रंग में रंग गया। हजारों की संख्या में बच्चे, युवा, बुजुर्ग, महिलायें और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्त्ता इस शोभा यात्रा के हिस्सा बने। हजारों की संख्या में मोटर साइकिल पर सवार युवा जय श्रीराम के नारे के साथ जयकारा लगा रहे थे। शहर के विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा एवं ढोल नगाड़ों से शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया । इस दौरान शोभा यात्रा में शामिल मनोहारी झांकियों ने भी शहरवासियों का मन मोह लिया।
गुड़मंडी से दोपहर बाद करीब तीन बजे शोभा यात्रा का शुभारंभ हुआ। विश्व हिंदू परिषद के संभाग मंत्री सुभाष गुप्ता ने शोभा यात्रा में शामिल लोगों को हिंदू नव वर्ष के महत्व से अवगत करवाया। इस अवसर पर हिंदू नववर्ष जागृति मंडल के संयोजक राजीव जैन ने कहा की भारतीय संस्कृति-सभ्यता को दुनिया में सबसे प्राचीन माना जाता है। भारतीय समाज की सहिष्णुता, विविधता, एकता एवं सामंजस्य दुनिया के लिए एक अद्भुत आदर्श है।
