पलवल, (सरूप सिंह)। हरियाणा सरकार के खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने मंगलवार को पलवल अनाज मंडी का दौरा कर चालू फसल खरीद सीजन के दौरान किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फसल खरीद, माप-तोल, उठान, भुगतान, गेट पास और किसानों के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

राज्य मंत्री राजेश नागर के साथ उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, पलवल मार्केट कमेटी के चेयरमैन पंकज विरमानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। राज्य मंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर मंडी में फसल खरीद व्यवस्था को सुचारू और समयबद्ध तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। राजेश नागर ने कहा कि हरियाणा सरकार के लिए अन्नदाताओं की सुविधा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है।
फसल बेचने के लिए मंडियों में पहुंचने वाले किसानों को किसी भी स्तर पर परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने मंडी में फसल की नमी जांचने की व्यवस्था, इलेक्ट्रॉनिक कांटों तथा माप-तोल से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से फसल खरीद की स्थिति और अब तक किए गए उठान एवं भुगतान की जानकारी भी ली।
राज्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसानों को गेट पास बनवाने से लेकर फसल की खरीद, माप-तोल, उठान और भुगतान तक किसी भी प्रक्रिया में अनावश्यक परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में आने वाले प्रत्येक किसान के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
राज्य मंत्री ने मंडी परिसर में शौचालयों की स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मंडी में साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फसल खरीद सीजन के दौरान मंडियों में नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके बाद राज्य मंत्री राजेश नागर अटल किसान कैंटीन पहुंचे और वहां किसानों को उपलब्ध करवाए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने भोजन, साफ-सफाई तथा कैंटीन में किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि अटल किसान कैंटीन में किसानों को स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाया जाए।
साथ ही कैंटीन परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था बनाए रखने तथा पूरे फसल खरीद सीजन के दौरान कैंटीन को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए। राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाने के साथ-साथ मंडियों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार और प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
