नगला मोटूका में ग्राम सभा के बाद जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। सेवा संकल्प अभियान एवं जल जीवन मिशन के तहत जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, फरीदाबाद द्वारा वीरवार को ग्राम पंचायत नांगला मोटूका, ब्लॉक तिगांव में ग्राम सभा के उपरांत जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सदस्यों, ग्राम सचिव, ट्यूबवेल ऑपरेटरों तथा विभाग के स्टाफ ने भाग लिया।

कार्यक्रम में सरपंच मोहन बंसल, ग्राम सचिव अख्तर हुसैन, खंड संसाधन समन्वयक सुमन लता एवं सुमन रानी ने ग्रामीण जलापूर्ति व्यवस्था के सुचारु संचालन, रखरखाव, जल संरक्षण तथा ग्रामीणों की भागीदारी को लेकर जानकारी दी।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग फरीदाबाद के जिला सलाहकार सत्य नारायण नेहरा ने बताया कि जल अर्पण कार्यक्रम का उद्देश्य गांव में पेयजल सप्लाई को लेकर पूर्ण हो चुकी पेयजल योजनाओं के प्रति ग्राम पंचायत एवं ग्रामीण समुदाय की जिम्मेदारी को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत केवल हर घर तक नल से जल पहुंचाना ही नहीं, बल्कि उपलब्ध जलापूर्ति व्यवस्था का नियमित संचालन एवं रखरखाव, जल स्रोतों की सुरक्षा और पानी का विवेकपूर्ण उपयोग भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण जल एवं स्वच्छता समिति तथा ग्राम पंचायत की सक्रिय भागीदारी से गांव की पेयजल व्यवस्था को लंबे समय तक सुचारु एवं टिकाऊ बनाया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे पानी की बर्बादी रोकें, पेयजल स्रोतों को सुरक्षित रखें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित विभाग एवं ग्राम पंचायत को तुरंत सूचित करें।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने जल संरक्षण एवं हर घर तक सुरक्षित और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने में अपना सहयोग देने का संकल्प लिया।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top