विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर होगा विशेष कार्यक्रम, त्रासदी झेल चुके लोग साझा करेंगे अनुभव

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर 14 अगस्त को फरीदाबाद के लघु सचिवालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त आयुष सिन्हा करेंगे। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए नोडल अधिकारी एवं सीईओ जिला परिषद शिखा ने बताया कि इसका उद्देश्य वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान अपने घर-परिवार, संपत्ति और प्रियजनों से बिछड़ने वाले लोगों के संघर्ष, पीड़ा और बलिदान को याद करना है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विभाजन की त्रासदी का प्रत्यक्ष अनुभव करने वाले लोगों और उनके परिजनों को आमंत्रित किया गया है। ये लोग अपने संस्मरण और अनुभव साझा करेंगे। उनके अनुभवों के माध्यम से युवा पीढ़ी को विभाजन के दौरान सामने आई मानवीय त्रासदी और उसके सामाजिक प्रभावों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भी हिस्सा लेंगे। विद्यार्थियों को विभाजन के इतिहास, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही, युवाओं को इतिहास से सीख लेकर राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सीईओ जिला परिषद शिखा ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस उन लोगों के साहस, धैर्य और संघर्ष को याद करने का अवसर है।

जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपने जीवन को दोबारा खड़ा किया और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आने वाली पीढ़ियों को इतिहास की कठिन परिस्थितियों से सीख लेने और सामाजिक एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top