पलवल के वार्ड-10 में पांच करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने किया शिलान्यास

पलवल, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। हरियाणा के खेल एवं कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सोमवार को नगर परिषद पलवल के वार्ड नंबर-10 के कुसलीपुर क्षेत्र में पांच करोड़ रुपए से अधिक की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रखी। उन्होंने नारियल फोड़कर विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों ने पगड़ी पहनाकर और फूल मालाओं के साथ राज्य मंत्री गौरव गौतम का गर्मजोशी से स्वागत किया।

खेल और युवा मामलों के राज्य मंत्री गौरव गौतम कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश और प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं। हरियाणा में विकास कार्यों की झड़ी लगी हुई है और सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रत्येक गांव, शहर और वार्ड तक पहुंचे। पलवल में भी सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

पलवल को आधुनिक शहर बनाने की दिशा में काम

गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार इस विकास यात्रा को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि पलवल को आधुनिक और सुविधायुक्त शहर बनाने के लिए विकास परियोजनाएं लगातार धरातल पर उतारी जा रही हैं। पलवल में विकास कार्यों की गति रुकने नहीं दी जाएगी और आने वाले समय में भी जनहित से जुड़ी नई योजनाओं पर काम किया जाएगा।

जलभराव और आवागमन की समस्याओं से मिलेगी राहत

राज्य मंत्री ने कहा कि वार्ड-10 में शुरू होने वाले विकास कार्यों से स्थानीय नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी। सड़क और नालियों के निर्माण से जहां आवागमन सुगम होगा, वहीं जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने से जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी। सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इन परियोजनाओं की रखी गई आधारशिला

पांच करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं में ओबीसी सामुदायिक भवन का निर्माण, विभिन्न मोहल्लों और गलियों में सड़क एवं नाली निर्माण तथा सरकारी स्कूल से विभिन्न मार्गों तक संपर्क सड़कों का निर्माण शामिल है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद वार्ड और आसपास के क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है।

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top