रोहतक, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के अध्यक्ष अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. तरन्नुम खान ने बुधवार को अर्पण संस्थान का दौरा कर बच्चों को स्वास्थ्य, पोषण और उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. तरन्नुम खान ने बच्चों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जुलाई और अगस्त माह के दौरान “कुपोषण” विषय पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य “स्वस्थ बच्चा, मजबूत राज्य” की अवधारणा को साकार करते हुए बच्चों के बेहतर पोषण और स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा। इन कार्यक्रमों में महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा शिक्षा विभाग का सहयोग रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक पोषण और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाई जा सके।
डॉ. तरन्नुम खान ने बच्चों को निःशुल्क कानूनी सहायता के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता के लिए नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण स्कूलों और कॉलेजों में भी विधिक साक्षरता सत्र आयोजित कर रहा है, जिनमें संतुलित एवं पौष्टिक आहार, पोषण संबंधी अधिकार, मिड-डे मील, एनीमिया की रोकथाम, मासिक धर्म स्वच्छता (Menstrual Hygiene) तथा विभिन्न बाल स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बच्चों से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, पौष्टिक भोजन अपनाने और आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का नियमित लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के पौधारोपण अभियान के तहत एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।