बल्लभगढ़-सोहना आरओबी का विस्तार कार्य सुस्त, जाम से राहत के लिए करना पड़ सकता है लंबा इंतजार

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। बल्लभगढ़-सोहना मार्ग पर स्थित सोहना रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) को चार लेन में विस्तारित करने का कार्य निर्धारित गति से पीछे चलता नजर आ रहा है। यदि निर्माण की रफ्तार में तेजी नहीं आई तो परियोजना तय समय सीमा में पूरी होना मुश्किल हो सकता है, जिससे क्षेत्रवासियों को जाम की समस्या से लंबे समय तक जूझना पड़ सकता है।

वर्तमान में यह आरओबी दो लेन का है और इसके माध्यम से सेक्टर-22, 23, 24, 25, 55, 56, संजय कॉलोनी, गौंछी जवाहर कॉलोनी पर्वतीय कॉलोनी समेत फरीदाबाद एनआईटी 86 के बड़े हिस्से को जोडने के साथ साथ तथा सोहना क्षेत्र सहित आसपास के कई गांवों का यातायात गुजरता है। वाहनों की बढ़ती संख्या और पुल की सीमित क्षमता के कारण सुबह और शाम के समय यहां अक्सर लंबा जाम लग जाता है।

यातायात दबाव को देखते हुए केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और विधायक मूलचंद शर्मा के प्रयासों से आरओबी को चार लेन में विकसित करने की परियोजना को मंजूरी मिली थी। करीब71 करोड़ रुपये की लागत से हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल विकास निगम (एचएसआरडीसी) के तहत निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

आठ महीने बाद भी प्रारंभिक चरण में काम

निर्माण एजेंसी एटी कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कार्य शुरू किए लगभग आठ महीने बीत चुके हैं। फिलहाल सेक्टर-24 की ओर पिलरों की नींव तैयार करने और सरियों का जाल बिछाने का काम चल रहा है। छह पिलरों पर कार्य जारी है, जबकि पुल पर लगाए जाने वाले कई आई-गर्डर पहले ही तैयार किए जा चुके हैं।
हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर विस्तार कार्य अभी शुरू नहीं हो पाया है, जिससे परियोजना की प्रगति को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है।

स्थानीय लोगों ने जताई चिंता

सेक्टर-55 निवासी निर्मल गुप्ता का कहना है कि निर्माण की वर्तमान गति को देखते हुए परियोजना को पूरा होने में ढाई साल तक का समय लग सकता है। उनका मानना है कि यदि कार्य में तेजी नहीं लाई गई तो लोगों को लंबे समय तक यातायात समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।

कंपनी का दावा—समय पर होगा पूरा

एटी कंस्ट्रक्शन कंपनी के साइट इंचार्ज दीपक कुमार के अनुसार परियोजना का महत्वपूर्ण चरण पूरा कर लिया गया है। नया आरओबी मौजूदा पुल से लगभग पांच फुट ऊंचा बनाया जाएगा और इसके पिलर भी अधिक ऊंचाई के होंगे। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य को गति दी जा रही है और निर्धारित समय सीमा के भीतर इसे पूरा करने का प्रयास जारी है।

विधायक ने अधिकारियों को दिए निर्देश

विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि परियोजना को 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि निर्माण एजेंसी ने तय समय सीमा में काम पूरा करने का आश्वासन दिया है। साथ ही एचएसआरडीसी अधिकारियों को निर्माण कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए जाएंगे ताकि क्षेत्र के लोगों को जल्द राहत मिल सके।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top