तकनीकी प्रशिक्षण से युवाओं को मिलेगा रोजगार का सुनहरा मौका : ममता शर्मा

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। जिला कल्याण अधिकारी ममता शर्मा ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, हरियाणा सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट), मुरथल के साथ समझौता किया गया है।

इस पहल के तहत युवाओं को तकनीकी कौशल प्रदान कर उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सिपेट मुरथल, भारत सरकार का प्रतिष्ठित संस्थान है, जो प्लास्टिक इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देने के लिए जाना जाता है। संस्थान द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के 440 युवाओं को विभिन्न तकनीकी प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में शामिल किया जाएगा।

ममता शर्मा के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सहायक मशीन ऑपरेटर इंजेक्शन मोल्डिंग के लिए 200 सीटें, सहायक मशीन ऑपरेटर प्लास्टिक प्रोसेसिंग के लिए 80 सीटें, सहायक मशीन ऑपरेटर प्लास्टिक एक्सट्रूजन के लिए 80 सीटें तथा सहायक मशीन ऑपरेटर ब्लो मोल्डिंग के लिए 80 सीटें निर्धारित की गई हैं। इन कोर्सों के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास और न्यूनतम आयु 18 वर्ष तय की गई है।

इच्छुक अभ्यर्थी अपनी 10वीं की मार्कशीट, अनुसूचित जाति प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड तथा रंगीन पासपोर्ट फोटो के साथ सिपेट मुरथल, सोनीपत में आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जो उम्मीदवार पहले सिपेट के किसी केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। चयन और प्रवेश प्रक्रिया संस्थान के निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top