फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। जमीन हड़पने और फर्जीवाड़े के एक मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के व्यापार मंडल अध्यक्ष अमन गोयल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आज कोर्ट में पेश करने की तैयारी की है, जहां से उसे रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जाएगी। पुलिस इस पूरे मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, यह पूरा विवाद सेक्टर-35 के प्लॉट नंबर 71 से जुड़ा है। इस प्लॉट की मूल रजिस्ट्री दिल्ली निवासी माला शर्मा के नाम पर है। मामला लंबे समय तक अदालतों में चला, जिसमें सेशन कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक सभी ने माला शर्मा के पक्ष में फैसला दिया। जांच में सामने आया कि अमन गोयल को यह जमीन बाद में केवल एक प्रमाणित कॉपी के आधार पर बेची गई थी।
कानूनी रूप से मामला हारने के बावजूद आरोपी ने कथित तौर पर प्लॉट पर कब्जा करने की योजना बनाई। थाना प्रभारी राकेश के अनुसार, अमन गोयल ने अपने साथी जितेंद्र पाराशर के साथ मिलकर साजिश रची और करीब दो महीने पहले एक फर्जी एग्रीमेंट तैयार कराया। इस दस्तावेज में वर्ष 2024 की जगह 2023 की पिछली तारीख डालकर उसे वैध दिखाने की कोशिश की गई।