रोहतक, (सरूप सिंह)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. तरन्नुम खान ने अर्पण संस्थान, लखीराम अनाथालय एवं बाल भवन का औचित्य निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां उपस्थित बच्चों एवं स्टाफ सदस्यों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं व सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। डॉ. तरन्नुम खान ने अनाथालय व बाल भवन में संबंधित विभागों द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं का निरीक्षण भी किया।

डॉ. तरन्नुम खान ने भोजन, साफ-सफाई एवं रहन-सहन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संस्थान में दी जा रही सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। डॉ. तरन्नुम खान ने बच्चों से संवाद कर यह भी जाना कि उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं पूर्ण रूप से मिल रही हैं या नहीं। सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर बाल विवाह, बाल श्रम सहित अन्य सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या हो या किसी तरह की कानूनी सहायता की आवश्यकता हो, तो वे निसंकोच जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं, जहां पैनल अधिवक्ताओं द्वारा उन्हें नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। डॉ. तरन्नुम खान ने कहा कि दूरभाष के माध्यम से सहायता प्राप्त करने के लिए नागरिक 01262-257408 तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क कर सकते हैं।