यादव ने जी20 राष्ट्रों और देश भर में 37 स्थानों पर अभियान में भाग लेने वाले लोगों को धन्यवाद दिया
नई दिल्ली (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, और श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेन्द्र यादव ने मुम्बई में जुहू समुद्र तट(बीच) पर जी20 मेगा समुद्र तट स्वच्छता अभियान में भाग लिया। यादव ने जी20 राष्ट्रों और देश भर में 37 स्थानों पर अभियान में भाग लेने वाले लोगों को धन्यवाद दिया। यादव ने जी20 मेगा बीच स्वच्छता अभियान के भाग के रूप में समुद्रों को साफ और स्वस्थ रखने की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे केन्द्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। जी20 भारत अध्यक्षता के तहत आयोजित जी 20 मेगा बीच स्वच्छता कार्यक्रम में जी 20 देशों, आमंत्रित देशों, राज्य सरकार के अधिकारियों, अंतर्राष्ट्रीय संगठनों और प्रतिनिधिमंडलों की व्यापक सहभागिता देखी गई।
मेगा बीच स्वच्छता कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण पर सामुद्रिक अपशिष्ट के प्रभाव के बारे में संवेदनशील बनाना, जागरूकता पैदा करना तथा लोगों को इसकी रोकथाम के लिए कार्रवाई करने के लिए प्रोत्साहित करना था। इस कार्यक्रम के माध्यम से इस पर्यावरणगत चुनौती को दूर करने में व्यक्तिगत प्रयासों तथा सामुदायिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय रूप से इस कार्यक्रम में 20 देशों की उत्साहजनक सहभागिता देखी गई। अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, जर्मनी, इंडोनेशिया, जापान, मैक्सिको, कोरिया गणराज्य, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, टर्की, ब्रिटेन और अमेरिका 14 जी 20 देश हैं और मिस्र, मॉरिशस, नीदरलैंड, नाइजीरिया, ओमान और सिंगापुर 6 आमंत्रित देश हैं। भारत में सभी 13 तटीय राज्यों और 9 केन्द्र शासित प्रदेशों में समुद्र तटों पर स्वच्छता कार्यकलापों का आयोजन किया गया।
समुद्र तट पर सेल्फी प्वॉइंट एक बड़ा आकर्षण था जिसके बाद प्लास्टिक से रिसाइकिल्ड वस्तुओं को प्रदर्शित करते स्टॉल भी लगाए गए थे। इस स्टॉल में बेंचों, कार डस्टबिन और रिसाइकिल्ड प्लास्टिक से बनाई गईं ऐसी ही वस्तुएं शामिल थीं। रिसाइक्लिंग मशीनों का उपयोग करते हुए जुहू बीच से एकत्रित प्लास्टिक अपशिष्ट को रिसाइकिल किया गया और जागरूकता बढ़ाने के लिए उन्हें बीच पर रखा गया।