देश की राजधानी दिल्ली में 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस पर मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है. लाल किले पर होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आसमान में बादल छाए रहने और बारिश के दौर आने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, 15 अगस्त को लाल किले के आसपास दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और अलग-अलग समय पर हल्की बारिश हो सकती है. ऐसे में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले लोगों को बारिश का सामना करना पड़ सकता है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुमान के मुताबिक, 15 अगस्त की सुबह दिल्ली में बारिश की सबसे ज्यादा संभावना है. सुबह 4 बजे से 6 बजे के बीच करीब 5 मिमी बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान बारिश की संभावना करीब 70 फीसदी बताई गई है. इसके बाद सुबह 6 बजे से 9 बजे के बीच भी करीब 5 मिमी बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान बारिश की संभावना करीब 60 फीसदी रह सकती है.
स्वतंत्रता दिवस के दिन जब लोग घरों से निकलकर लाल किले और आसपास के इलाकों में समारोह देखने पहुंचेंगे, उस समय मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद कम है.
संजय सिंह बोले, ‘शिशु मंदिर RSS का स्कूल नहीं, वहां मुस्लिम…’
समारोह के दौरान भी छाए रहेंगे बादल
सुबह की बारिश के बाद कुछ समय के लिए मौसम में राहत मिल सकती है, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, 15 अगस्त को दोपहर से शाम के बीच भी हल्की बारिश का एक और दौर आ सकता है. इस दौरान करीब 3 मिमी बारिश होने की 60 फीसदी संभावना जताई गई है.
सुबह बारिश के बाद दोपहर और शाम के समय भी हल्की फुहारें पड़ सकती हैं. हालांकि, बारिश बहुत तेज होने की संभावना फिलहाल नहीं है.
15 अगस्त से एक दिन पहले यानी आज (14 अगस्त) को भी दिल्ली के कई इलाकों में बारिश देखने को मिली. दोपहर 2:30 बजे तक सफदरजंग में 5.2 मिमी, रिज में 0.8 मिमी, लोधी रोड में 2.7 मिमी, पालम में 8 मिमी और अयानगर में 3.6 मिमी बारिश दर्ज की गई.
इसके अलावा पूसा में 13 मिमी, मयूर विहार और नारायणा में 7-7 मिमी, जबकि मेहरौली में सबसे ज्यादा 24 मिमी बारिश दर्ज की गई. इस दौरान सफदरजंग में तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहा और आसमान में बादल छाए रहे.
मौसम विभाग के मुताबिक, 14 अगस्त की शाम भी लाल किले के आसपास बारिश के दो दौर देखने को मिल सकते हैं. दोपहर 3 से 4 बजे के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. इसके बाद शाम 4 से 6 बजे के बीच एक और बारिश का दौर आ सकता है.
इस दौरान तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. हवा की रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है. बारिश और धुंध की वजह से विजिबिलिटी भी करीब 1500 से 2000 मीटर तक रह सकती है.
15 अगस्त से पहले IGI एयरपोर्ट टर्मिनल 3, हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, एजेंसियां अलर्ट
32 से 34 डिग्री तक रह सकता है तापमान
15 अगस्त को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. बादल छाए रहने और बारिश के कारण मौसम गर्मी के मुकाबले थोड़ा सुहावना रह सकता है.
फिलहाल मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 15 अगस्त को दिल्ली में सुबह बारिश की संभावना सबसे ज्यादा है, जबकि दोपहर से शाम के बीच भी हल्की बारिश हो सकती है. ऐसे में लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहुंचने वाले लोगों को मौसम को देखते हुए तैयारी करके निकलना बेहतर रहेगा.
