हरियाणा में आग से निपटने को 10 नए फायर स्टेशन, एक हफ्ते में मांगी रिपोर्ट

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। प्रदेश में बढ़ती आग की घटनाओं को देखते हुए हरियाणा सरकार ने 10 नए फायर स्टेशन खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। फायर एंड इमरजेंसी सर्विस विभाग की ओर से नगर निगमों और जिला प्रशासन को पत्र भेजकर उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी निकायों को एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी।

ये नए फायर स्टेशन फरीदाबाद, गुरुग्राम, पंचकूला, अंबाला, सोनीपत, पानीपत, रेवाड़ी, पलवल और नूंह में स्थापित किए जाएंगे। गुरुग्राम में दो फायर स्टेशन प्रस्तावित हैं, जबकि अन्य जिलों में एक-एक स्टेशन खोला जाएगा। इनके साथ आवश्यक संसाधन और उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रदेश के कई जिलों में आबादी के अनुपात में फायर स्टेशनों की संख्या कम है।

औद्योगिक नगरी फरीदाबाद की आबादी करीब 27 लाख है और शहर का विस्तार ग्रेटर फरीदाबाद तक हो चुका है। वर्तमान में एनआईटी, सेक्टर-15ए, सेक्टर-31, सराय ख्वाजा और बल्लभगढ़ में फायर स्टेशन मौजूद हैं, लेकिन एक साथ कई स्थानों पर आग लगने की स्थिति में दमकल गाड़ियां समय पर नहीं पहुंच पातीं। ऐसे में यहां एक और फायर स्टेशन की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है।

दमकल विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में फरीदाबाद में 50 से अधिक आग की घटनाएं दर्ज की गईं। स्टाफ की कमी और सीमित संसाधनों के कारण दमकल कर्मियों को राहत कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिसका असर आम लोगों पर भी पड़ता है। गर्मियों में आग लगने की घटनाएं और बढ़ जाती हैं। हाल ही में 23 फरवरी को मुजेसर स्थित एक फैक्ट्री में आग लगने के दौरान बचाव कार्य में दो दमकल कर्मियों की मौत हो गई थी।

इस घटना में कई अन्य कर्मचारी और पुलिसकर्मी भी झुलस गए थे। इसके अलावा सेक्टर-24 इंडस्ट्रियल एरिया और गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित रवि नगर में भी हाल के दिनों में भीषण आग की घटनाएं सामने आई हैं। नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि फायर स्टेशन के लिए स्थान चिन्हित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके लिए प्लानिंग ब्रांच को जिम्मेदारी सौंपी गई है और जल्द ही रिपोर्ट विभाग को भेज दी जाएगी।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top