सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से की मुलाकात


भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने मंगलवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से नेपाल की राजधानी काठमांडू में शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान दोनों देशों के बीच आपसी हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई. नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बैठक की आधिकारिक जानकारी साझा की है.गौरतलब है कि प्रधानमंत्री बालेन शाह के पास वर्तमान में नेपाल के रक्षा मंत्रालय का प्रभार है. वहीं भारतीय सेना प्रमुख धीरज सेठ, नेपाली सेना के मानद जनरल भी हैं.

आर्मी चीफ को नेपाली सेना के मानद की उपाधि

नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने सोमवार को काठमांडू में एक विशेष समारोह के दौरान भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना के मानद जनरल की उपाधि प्रदान की थी. ऐसे में प्रधानमंत्री बालेन शाह व जनरल धीरज सेठ के बीच हुई यह मुलाकात और भी ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाती है.इस बातचीत में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग का विषय विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहा.

माना जा रहा है कि बैठक के दौरान भारत और नेपाल के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करने तथा दोनों देशों के साझा हितों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया. दोनों पक्षों ने मौजूदा रक्षा संबंधों को आगे बढ़ाने और सहयोग के नए क्षेत्रों की संभावनाओं पर भी चर्चा की.दरअसल, भारत-नेपाल के बीच लंबे समय से चली आ रही सैन्य परंपरा के तहत दोनों देश एक दूसरे के सेना प्रमुखों को अपनी अपनी सेना के मानद जनरल की उपाधि प्रदान करते हैं. यह परंपरा दोनों देशों के बीच गहरे सैन्य संबंधों और आपसी विश्वास का प्रतीक मानी जाती है.

आर्मी चीफ ने किया नेपाली सेना कमांड एंड स्टाफ का दौरा

सेना प्रमुख धीरज सेठ ने मंगलवार को शिवपुरी स्थित नेपाली सेना कमांड एंड स्टाफ कॉलेज का भी दौरा किया. वहां उन्होंने संस्थान के शिक्षकों और प्रशिक्षण ले रहे छात्र अधिकारियों के साथ बातचीत की. इस दौरान जनरल सेठ ने पेशेवर सैन्य शिक्षा तथा मौजूदा सुरक्षा चुनौतियों से जुड़े अपने विचार साझा किए.उन्होंने बदलते सुरक्षा वातावरण में सैन्य नेतृत्व, प्रशिक्षण और पेशेवर सैन्य शिक्षा के महत्व पर भी अपने विचार रखे.

कमांड एंड स्टाफ कॉलेज में विभिन्न देशों के सैन्य अधिकारी भी प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं. ऐसे में जनरल सेठ की छात्र अधिकारियों और प्रशिक्षकों के साथ बातचीत को भारत और नेपाल के सैन्य संस्थानों के बीच पेशेवर संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.भारत और नेपाल के बीच रक्षा संबंधों में सैन्य प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, संयुक्त अभ्यास, उच्चस्तरीय सैन्य यात्राएं तथा रक्षा संस्थानों के बीच संपर्क प्रमुख क्षेत्र हैं. दोनों देशों की सेनाओं के बीच नियमित रूप से विभिन्न स्तरों पर बातचीत और सहयोग होता रहा है.



Source link

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top