मशहूर स्क्रीनराइटर से प्रॉपर्टी के नाम पर 2.20 करोड़ की ठगी, महिला एजेंट के खिलाफ केस दर्ज


मुंबई की नामचीन हस्तियों को प्रॉपर्टी दिलाने के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ से जुड़ी मशहूर बॉलीवुड स्क्रीनराइटर मल्लिका आशीष घरडे (42) के साथ करीब 2 करोड़ 20 लाख 26 हजार रुपये की धोखाधड़ी हुई है.

आरोप है कि एक महिला प्रॉपर्टी एजेंट ने उनके गंभीर रूप से बीमार पति को सस्ते में सरकारी नीलामी की संपत्ति दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये ऐंठ लिए. मल्लिका घरडे मालाड पूर्व की रहने वाली हैं. उनके पति दत्त घरडे का जुलाई 2024 में बीमारी के चलते निधन हो चुका है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर कुरार पुलिस ने 22 अगस्त 2026 को आरोपी महिला एजेंट गीता रविप्रकाश यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है.

बीमारी का फायदा उठाकर दिया सरकारी नीलामी का झांसा
मामला साल 2023 का है. मल्लिका के पति दत्त घरडे लिवर सिरोसिस और सिकलसेल एनीमिया जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे. परिवार के लिए वे सांताक्रुज पश्चिम के जुहू चर्च रोड स्थित वंदना को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में 3 बीएचके फ्लैट खरीदना चाहते थे.

ये भी पढ़ेंः ‘आवारापन 2’ बनी साल की 5वीं सबसे बड़ी फिल्म, ‘वेलकम टू द जंगल’ को दी मात

इसी दौरान उनकी मुलाकात गीता यादव से हुई. आरोपी ने मालाड पूर्व के एक्सप्रेस जोन स्थित श्री राधास्वामी फाइनेंस एंड रियल एस्टेट ऑक्शन मैनेजमेंट नामक संस्था से जुड़े होने का दावा किया. उसने कथित तौर पर बताया कि एसेट रीकंस्ट्रक्शन कंपनियों (ARC) और बड़े बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों से उसके संपर्क हैं और वह बैंकों द्वारा जब्त संपत्तियों को नीलामी प्रक्रिया से बाहर निकलवाकर बेहद कम कीमत पर दिलवा सकती है.

फर्जी सरकारी नोटिस दिखाकर 2.08 करोड़ रुपये लिए
आरोपी ने वंदना सोसाइटी के फ्लैट नंबर 301 का सौदा कथित तौर पर 2 करोड़ रुपये में तय किया. विश्वास जीतने के लिए उसने 20 मार्च 2023 का कस्टोडियन ऑफिस, विशेष न्यायालय, भारत सरकार के नाम से एक कथित फर्जी पब्लिक नोटिस भी दिखाया.

आरोप है कि पति की गंभीर बीमारी और परिवार की मानसिक परेशानी का फायदा उठाते हुए गीता ने 24 अप्रैल से 2 सितंबर 2023 के बीच आरटीजीएस और चेक के जरिए दंपत्ति से करीब 2.08 करोड़ रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए.

लोनावला फार्महाउस और इनोवा कार का भी दिया झांसा
ठगी का सिलसिला यहीं नहीं रुका. मई 2023 में आरोपी ने लोनावला में सरकारी नीलामी में उपलब्ध इनोवा कार और एक प्रीमियम फार्महाउस दिलाने का भी कथित तौर पर लालच दिया.

इस झांसे में आकर दंपत्ति ने जुलाई से नवंबर 2023 के बीच यूपीआई के जरिए आरोपी को करीब 12.26 लाख रुपये अतिरिक्त ट्रांसफर किए.

पति की मौत के बाद खुला पूरा मामला
3 जुलाई 2024 को बीमारी के चलते दत्त घरडे का निधन हो गया. इसके बाद भी जब परिवार को फ्लैट का पजेशन नहीं मिला तो मल्लिका ने वकीलों के जरिए मामले की पड़ताल शुरू कराई. जांच के दौरान नरीमन भवन स्थित स्पेशल कोर्ट के कस्टोडियन ऑफिस से लिखित पुष्टि हुई कि गीता यादव या उसकी संस्था का वहां कोई अस्तित्व नहीं है.

आरोपी के खिलाफ पहले से भी मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला के खिलाफ समता नगर और दहिसर पुलिस थानों में पहले से धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं. इसके अलावा 17 जनवरी 2022 को बॉम्बे हाईकोर्ट ने भी उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज की थी.

अब कुरार पुलिस बैंक ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड, कथित फर्जी दस्तावेजों और व्हाट्सऐप चैट को जांच का आधार बना रही है. पुलिस ने आरोपी महिला की तलाश तेज कर दी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

ये भी पढ़ेंः गोविंदा- सुनीता विवाद के बीच कश्मीरा शाह ने किया ‘मामी’ का सपोर्ट, बोलीं- ‘कुछ गलत हुआ है तभी…’



Source link

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top