दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में बुधवार दोपहर CNG पंप पर एक ट्रक के सिलेंडर में जोरदार विस्फोट से अफरा-तफरी मच गई. यह हादसा CNG भरवाने के दौरान हुआ. ट्रक के सिलेंडर में हुए विस्फोट के कारण 6 लोग झुलस गए.
हादसे की चपेट में आये छह लोगों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हैं. मृतकों CNG फिलिंग स्टेशन के कर्मचारी बताए जा रहे हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
‘हम वही गाएंगे जो गांधी-नेहरू और बोस…’, वंदे मातरम पर बोले कांग्रेस नेता
CNG भरवाते वक्त हुआ धमाका, आसपास मौजूद लोग आए चपेट में
पुलिस के मुताबिक घटना करीब 3.20 बजे टिकरी मेट्रो स्टेशन के पास स्थित CNG फिलिंग स्टेशन पर हुई. ट्रक में जब CNG भरी जा रही थी तभी उसके अंदर लगे CNG सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया. धमाका इतना तेज था कि मौके पर मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
6 लोग घायल हुए, 3 की मौत
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. दमकल विभाग को दोपहर 3.37 बजे कॉल मिली, जिसके बाद छह फायर टेंडर मौके पर भेजे गए. हादसे में घायल हुए तीन लोगों को मुंडका स्थित सीडी ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों की पहचान सुरजीत, संजय और विपिन के रूप में हुई है.
मृतकों में तीनों CNG स्टेशन के कर्मचारी
बाहरी दिल्ली के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) विक्रम सिंह के अनुसार, हादसे में मारे गए तीनों लोग CNG फिलिंग स्टेशन पर काम करते थे. मृतकों की पहचान मनीष (25), ब्रह्मजीत (34) निवासी निजामपुर और सनी (30) निवासी गांव निजामपुर के तौर पर हुई है. हादसे के समय ये सभी ट्रक के आसपास मौजूद थे और विस्फोट की चपेट में आ गए.
मुंडका पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर जुटीं
घटना की गंभीरता को देखते हुए बाहरी जिला पुलिस के DCP, असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) और मुंडका थाना प्रभारी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पर जरूरी सुरक्षा उपाय किए और स्थिति को नियंत्रण में लिया. राहत एवं बचाव के साथ मौके की जांच भी शुरू कर दी गई है.
ब्लास्ट की असली वजह अभी साफ नहीं
अधिकारियों के मुताबिक CNG सिलेंडर में विस्फोट किस वजह से हुआ, इसका अभी निश्चित रूप से पता नहीं चल पाया है. तकनीकी खराबी, गैस रिसाव या किसी अन्य संभावित कारण को लेकर जांच की जा रही है. दिल्ली फायर सर्विस की टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है, जबकि पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है.
बताया जा रहा है कि, विस्फोट ऐसी जगह हुआ जहां CNG की मौजूदगी के कारण स्थिति और गंभीर हो सकती थी. हालांकि, दमकल और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया. फिलहाल जांच जारी है और ब्लास्ट के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
‘पूरी की पूरी अनपढ़ों की सरकार’, चीनी के बढ़ते दाम के बीच बोले अरविंद केजरीवाल
