दिल्ली में डेटिंग ऐप के जरिए 67 साल के एक बुजुर्ग से 1.30 लाख रुपये की ठगी और मोबाइल चोरी का मामला सामने आया है. साउथ-वेस्ट जिले की साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक, एक आरोपी ने फर्जी पहचान से डेटिंग ऐप पर प्रोफाइल बनाई और बुजुर्ग से संपर्क किया. इसके बाद दोनों के बीच टेलीग्राम पर बातचीत होने लगी. बाद में आरोपी ने अपनी साथी को भी इस पूरे मामले में शामिल कर लिया.
दो आरोपी महिला गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी महिलाएं 20 जुलाई और 24 जुलाई को बुजुर्ग से मिली थीं. 24 जुलाई को डिफेंस कॉलोनी के एक रेस्टोरेंट में बुजुर्ग ने दोनों के साथ डिनर किया. रेस्टोरेंट से निकलते समय उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया. इसके बाद उनके दो बैंक खातों से बिना अनुमति यूपीआई के जरिए 1.30 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए. जांच में सामने आया कि रकम पहले एक आरोपी के बैंक खाते में पहुंची और फिर उसकी साथी के खाते में ट्रांसफर की गई. इसमें से 90 हजार रुपये एटीएम से निकाल लिए गए.
फर्जी प्रोफाइल बनाकर बुजुर्ग को धोखा
पुलिस की जांच में सामने आया कि 26 साल की ज्योत्सना ने फर्जी पहचान से डेटिंग ऐप पर प्रोफाइल बनाई थी. उसने बुजुर्ग से बातचीत शुरू की और बाद में अपनी साथी 21 साल की मानसी को इस मामले में शामिल किया. पुलिस के मुताबिक, मानसी डेटिंग ऐप पर प्रोफाइल चलाने वाली असली महिला नहीं थी, लेकिन उसने खुद को वही महिला बताकर बुजुर्ग से मुलाकात की. इससे बुजुर्ग को लगा कि वह उसी महिला से मिल रहे हैं, जिससे उनकी ऑनलाइन बातचीत हुई थी.
CCTV फुटेज आया सामने
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों से हुए लेनदेन, खातों से जुड़ी जानकारी और सीसीटीवी फुटेज की जांच की. सीसीटीवी फुटेज में दोनों महिलाओं को ठगी की रकम निकालते हुए देखा गया. इसके बाद बैंक लेनदेन और तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान की. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों के तरीके का पता चला और यह सामने आया कि फर्जी डेटिंग ऐप प्रोफाइल के जरिए बुजुर्ग से संपर्क किया गया था.
चोरी किया गया मोबाइल भी नष्ट किया
पुलिस के मुताबिक, बुजुर्ग का चोरी किया गया मोबाइल फोन बाद में नष्ट कर दिया गया था. जांच में सामने आया कि मोबाइल को सबूत मिटाने की कोशिश में नष्ट किया गया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 26 साल की ज्योत्सना और 21 साल की मानसी के तौर पर हुई है. दोनों दिल्ली की रहने वाली हैं. इस मामले में ई-एफआईआर नंबर 381/26, भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक, मामले की आगे की जांच जारी है.
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर सियासी बवाल, जानें क्या हैं ACB के आरोप
