कोल इंडिया ओपन में क्षितिज नवीद कौल आगे, बारिश ने रोका दूसरे दौर का खेल


कोलकाता, 12 अगस्त, 2026: क्षितिज नवीद कौल ने चार-अंडर 66 का स्कोर बनाकर बुधवार को कोलकाता के टॉलीगंज क्लब में खेले जा रहे कोल इंडिया ओपन के दूसरे दौर में एक शॉट की क्लब हाउस बढ़त हासिल की. भारी बारिश के कारण दूसरे दौर का खेल पूरा नहीं हो सका.

दिल्ली के 25 वर्षीय क्षितिज (64-66) ने दिन की शुरुआत बढ़त से दो शॉट पीछे रहते हुए की थी. उन्होंने पांच बर्डी और एक बोगी की मदद से अपना कुल स्कोर 10-अंडर 130 पहुंचाया. बुधवार दोपहर एक बजे तेज बारिश के कारण खेल रोके जाने के समय 132 खिलाड़ियों में से लगभग आधे खिलाड़ियों ने अपना दूसरा दौर पूरा नहीं किया था. भारी बारिश के बाद कोर्स पर पानी जमा होने के कारण दूसरे दौर का खेल बुधवार दोपहर 3:45 बजे आधिकारिक रूप से स्थगित कर दिया गया. 

दूसरा दौर अब गुरुवार सुबह सात बजे दोबारा शुरू होगा. पहले टी से शुरुआत करने वाले क्षितिज ने शुरुआती पांच होल पर लगातार पार बनाए. इसके बाद उन्होंने छठे और सातवें होल पर लगातार बर्डी लगाईं. उन्होंने दूसरे नौ होल में तीन और बर्डी बनाईं, लेकिन दिन के अंतिम 18वें होल पर अपनी एकमात्र बोगी की. 

चंडीगढ़ के अक्षय शर्मा (66-65) ने पांच-अंडर 65 का स्कोर बनाकर संयुक्त नौवें से दूसरे स्थान पर छलांग लगाई. नौ-अंडर 131 के कुल स्कोर के साथ वह क्षितिज से एक शॉट पीछे हैं. पहले दौर के बाद शीर्ष पर रहे महू के ओम प्रकाश चौहान (62-70) ने आठ-अंडर 62 के बाद दूसरे दौर में इवन-पार 70 का स्कोर बनाया. डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई रैंकिंग के 2023 के विजेता चौहान ने तीन बर्डी और इतनी ही बोगी कीं. वह आठ-अंडर 132 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर है.

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई की मौजूदा रैंकिंग में शीर्ष पर चल रहे सप्तक तलवार (67-65) ने भी पांच-अंडर 65 का स्कोर बनाकर चौहान के साथ संयुक्त तीसरा स्थान हासिल किया. सप्तक ने दिन की शुरुआत संयुक्त 14वें स्थान पर और बढ़त से पांच शॉट पीछे रहते हुए की थी.

पहले दौर की तुलना में परिस्थितियां अधिक चुनौतीपूर्ण थीं, लेकिन क्षितिज ने अपनी धीमी शुरुआत के दौरान धैर्य बनाए रखा. क्षितिज ने कहा, “आज कोर्स थोड़ा लंबा खेल रहा था और परिस्थितियां भी मुश्किल थीं. मुझे शुरुआत में बर्डी के कुछ मौके मिले, लेकिन मैं उन्हें भुना नहीं सका. इसके बावजूद मैंने धैर्य बनाए रखा और खुद को खिताब की दौड़ में बनाए रखने से खुश हूं.”

छठे होल पर 20 फुट का पट होल कर क्षितिज ने दिन की पहली बर्डी बनाई. वह 10वें होल पर ईगल के करीब पहुंचे, लेकिन बर्डी से संतोष करना पड़ा. वहीं, 14वें होल पर महत्वपूर्ण अप-एंड-डाउन ने उनकी लय बनाए रखने में मदद की. उन्होंने कहा, “हमने आखिरी होल बारिश के बीच खेला और मौसम अधिक खराब होने से पहले दौर पूरा करना हमारे लिए सौभाग्य की बात रही. मुझे नहीं लगता कि हमारे पीछे खेल रहे ग्रुप ने अपना दौर पूरा किया.”

पिछले सप्ताह श्रीनगर में खेले गए जेएंडके ओपन के प्रदर्शन से भी क्षितिज ने आत्मविश्वास हासिल किया. उन्होंने सत्र के दूसरे चरण में अपनी अच्छी शुरुआत जारी रखी. उन्होंने कहा, “कश्मीर में खेलना हमेशा सुखद रहता है और पिछले सप्ताह मैंने वहां काफी अच्छी गोल्फ खेली. उसी सकारात्मक लय को मैं इस सप्ताह भी साथ लेकर आया हूं और उम्मीद है कि इसे आगे भी जारी रखूंगा.” पहले दौर में 63 का स्कोर बनाकर दूसरे स्थान पर रहे अजीतेश संधू बुधवार को सिर्फ तीन होल ही पूरे कर सके. उनका कुल स्कोर सात-अंडर है. पहले दिन छह-अंडर 64 के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर रहे शौर्य भट्टाचार्य ने बुधवार को अपना दौर शुरू ही किया था कि बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा. फिलहाल अनुमानित कट एक-ओवर पर है. 

यह भी पढ़ें-

भारत के लिए क्यों अहम है श्रीलंका टेस्ट सीरीज? पूर्व दिग्गज ने डिटेल में बताया



Source link

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top