‘अब बोरियत होती है…’ सौरभ भारद्वाज ने PM मोदी के भाषण पर कसा तंज


दिल्ली में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण को लेकर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अब पीएम मोदी के भाषणों में कुछ नया सुनने को नहीं मिलता और वही पुरानी बातें बार-बार दोहराई जाती हैं. सौरभ भारद्वाज ने प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान टेलीप्रॉम्प्टर में आई कथित दिक्कत को लेकर भी सवाल उठाए और इसे साजिश तक बताया. इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे की समारोह में गैरमौजूदगी, देश की विदेश नीति और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कामकाज को लेकर भी कई गंभीर आरोप लगाए.

उन्होंने कहा, “अब प्रधानमंत्री के भाषणों को सुनकर बोरियत होने लगी है. प्रधानमंत्री साल में 365 दिनों में से मुझे लगता है 200 बार भाषण देते हैं और 200 बार जनता को उनका भाषण सुनवाया जाता है. तो उनके भाषण के अंदर कोई ऐसी बात, कोई ऐसा स्पार्क, कोई ऐसी बात नहीं है, एक फैक्टर नहीं रह गया कि उनकी बात सुनी जाए. वही पुरानी बातों को बार-बार दोहराते रहते हैं और उनको समझना चाहिए कि जो Gen Z का आंदोलन क्यों इतना बड़ा आंदोलन बना? क्योंकि हर बात को कहने का एक ताजा तरीका था. हर बात को रखने का एक इनोवेटिव और क्रिएटिव पहलू था.”

‘Gen-Z के बाद अब Gen-Alpha…’, स्वतंत्रता दिवस पर बोले अरविंद केजरीवाल

सौरभ भारद्वाज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर को लेकर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री को देखकर ऐसा फील आता है कि अब प्रधानमंत्री जी को रिटायर हो जाना चाहिए था, जब वो अपने पीक पर थे. अब वो जिस तरीके से उतार पर उनका चल रहा है, उसमें उनके लिए सिचुएशन और खराब हो रही है.”

टेलीप्रॉम्प्टर को लेकर कही बड़ी बात

अरविंद केजरीवाल के उस ट्वीट का भी उन्होंने जिक्र किया, जिसमें प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान एक जगह रुकने को लेकर सवाल उठाया गया था. सौरभ भारद्वाज ने कहा कि उन्हें लगता है कि प्रधानमंत्री के साथ षड्यंत्र किया गया और टेलीप्रॉम्प्टर को बंद होने देना गंभीर सवाल है.

उन्होंने कहा, “एक अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट किया, जिसमें प्रधानमंत्री भाषण देते-देते एक जगह रुक गए. उसे लेकर अरविंद केजरीवाल ने सवाल किया. मेरा मानना यह है कि प्रधानमंत्री जी के साथ षड्यंत्र किया गया. प्रधानमंत्री जी के टेलीप्रॉम्प्टर को कैसे बंद होने दिया गया? इतना बड़ा जो आयोजन है, उसमें टेलीप्रॉम्प्टर तो कई-कई बार चेक होने चाहिए.”

उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता है कि उनको फिगर्स जो दी गईं, वो मुझे लग रहा है शायद बारीक लिखी हुई थीं. वो पढ़ने में उनको दिक्कत आ रही थी. उन्होंने शायद 1,50,000 को पहले 25,00,000 पढ़ लिया. हालांकि, ये बड़ी सामान्य बात है कि 2009-2010 में 25,00,000 इलेक्ट्रिक व्हीकल कहाँ से आ जाएंगे?”

सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि उन्हें लगता है कि कोई अंदरूनी व्यक्ति प्रधानमंत्री की छवि धूमिल करने के लिए टेलीप्रॉम्प्टर के साथ गड़बड़ी कर रहा है.

राहुल गांधी-खरगे की गैरमौजूदगी पर भी बोले

स्वतंत्रता दिवस समारोह में नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की गैरमौजूदगी को लेकर उठे सवालों पर भी सौरभ भारद्वाज ने जवाब दिया. उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार में विपक्ष के नेताओं के साथ पहले जैसी मर्यादा और प्रोटोकॉल नहीं रहा.

उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी को लगता है कि आपके यहाँ कोई आए मेहमान विपक्ष का है तो आप उसको बेइज्जत करें. आप उसको पीछे 10वीं, 10वीं कतार में बिठाएं और कैमरामैन के पास बार-बार उसका वीडियो चलवाएं कि साहब देखिए कहाँ इनको पीछे बिठाया गया है और फिर भी विपक्ष के नेता जो हैं, बेइज्जत होने के बाद भी बार-बार आते रहे इनसे जूते खाने, तो ऐसा तो नहीं होगा.” उन्होंने कहा, “जब आप विपक्ष को बेइज्जत करेंगे तो विपक्ष क्यों आएगा? आपके दोबारा बेइज्जत होने के लिए आएगा?”

विदेश नीति और देश की साख पर सवाल

सौरभ भारद्वाज ने पिछले 12 साल की बीजेपी सरकार को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सरकार लगातार देश के विदेशों में डंका बजने और अर्थव्यवस्था मजबूत होने की बात करती रही, लेकिन अब स्थिति अलग दिखाई दे रही है.

उन्होंने कहा, “मगर अब पता चल रहा है कि वो सब कुछ झूठ था, पूर्णतः झूठ था. और ऐसा लगता है कि नरेंद्र मोदी जी इस देश को करीब-करीब 25 साल पीछे ले गए. हमारी साख के ऊपर बट्टा लगा दिया. कोई हमारा दोस्त नहीं बचा.”

रेखा गुप्ता सरकार पर भी गंभीर आरोप

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला बोलते हुए सौरभ भारद्वाज ने साइकिल, चावल और हेल्थ स्कैम का मुद्दा उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब परिवारों को मिलने वाला चावल नहीं दिया गया और साइकिलों की खरीद में भी गड़बड़ी हुई.

उन्होंने कहा, “बच्चों को 4,000 रुपये की साइकिल 7,000 रुपये में चिपकाई जा रही है और रेखा गुप्ता जी ने उसके ऊपर अब तक कोई जांच नहीं बैठाई.”

JNU में ABVP ने निकाली तिरंगा यात्रा, गूंजे ‘वंदे मातरम्’ के नारे

चावल को लेकर उन्होंने कहा कि दिल्ली के करीब 17 लाख गरीब परिवारों के बीच 50,000 मीट्रिक टन चावल बांटा जाता तो हर परिवार को करीब 28 किलो चावल मिलता. सौरभ भारद्वाज ने हेल्थ स्कैम को लेकर भी आरोप लगाए और कहा कि तीन अफसरों को जेल भेज दिया गया, लेकिन मंत्री पर कार्रवाई नहीं हुई.

साइकिल खरीद पर उन्होंने कहा, “हमने खरीद के दिखा दी कि भाई, 400 रुपये की मैं खरीद के ले आया एक साइकिल. आप 1,30,000 साइकिल खरीद रहे हैं और आप 7,000 रुपये की खरीद रहे हैं और इसमें लूट नहीं हुई? ये तो खुल्लम-खुल्ला लूट है.”

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा, “रेखा गुप्ता जी एक निहायत ही कमजोर मुख्यमंत्री हैं. मंत्रालयों के अंदर खुल्लम-खुल्ला लूट चल रही है और वो मंत्रियों से सवाल तक नहीं पूछ पा रही हैं.”



Source link

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top