फरीदाबाद के कई इलाकों में 72 घंटे बाधित रहेगी जलापूर्ति, पहले से कर लें पानी की व्यवस्था

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। शहर के कई इलाकों में 31 अगस्त से 3 सितंबर तक जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) द्वारा बाटा फ्लाईओवर के पास रेलवे ट्रैक के नीचे रेनीवेल लाइन नंबर-3 के ट्रेंचलेस हिस्से में संभावित लीकेज की मरम्मत की जाएगी। मरम्मत कार्य के लिए 72 घंटे का शटडाउन लिया जाएगा।

एफएमडीए के अनुसार, शटडाउन 31 अगस्त को सुबह 11 बजे शुरू होगा और 3 सितंबर को सुबह 11 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान रेनीवेल लाइन नंबर-3 से होने वाली जलापूर्ति बंद रहेगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जलापूर्ति बाधित रहने की अवधि को देखते हुए पहले से ही पीने और घरेलू उपयोग के लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था कर लें।

जानकारी के अनुसार, रेनीवेल लाइन नंबर-3 के ट्रेंचलेस हिस्से में लीकेज होने का अनुमान है। इस लीकेज के कारण बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद हो रहा है, जिससे एनआईटी क्षेत्र की जलापूर्ति भी प्रभावित हो रही है। लीकेज की मरम्मत के बाद जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु करने का प्रयास किया जाएगा।

शटडाउन के दौरान एसबीएस सारन तालाब, अग्रवाल बूस्टर, जनता कॉलोनी और एयर फोर्स स्टेशन क्षेत्रों में जलापूर्ति उपलब्ध नहीं होगी। वहीं एसबीएस परशुराम, पर्वतिया कॉलोनी और डबुआ कॉलोनी में रेनीवेल लाइन नंबर-6 के माध्यम से आंशिक रूप से पानी की आपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी।

एफएमडीए ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से सहयोग की अपील की है और कहा है कि मरम्मत कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। मरम्मत कार्य की प्रगति या जलापूर्ति से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए एफएमडीए के जेई एवं जलापूर्ति प्रभारी देवेंद्र से मोबाइल नंबर **8053336614** पर संपर्क किया जा सकता है।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top