फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। भूपानी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने पहले तो एक परिवार का विश्वास जीतने के लिए घर की बेटियों से राखी बंधवाई और माता-पिता को ‘मम्मी-पापा’ कहकर पुकारा, लेकिन अंत में उसी घर की 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। आरोपी की पहचान वसीम खान के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विश्वास जीतने के लिए बुना था जाल
परिजनों के अनुसार, वसीम खान पिछले तीन महीने से उनके संपर्क में था। इस दौरान उसने बड़ी चालाकी से परिवार के हर सदस्य का दिल जीत लिया। वह जब भी घर आता, मिठाई और फल लेकर आता था। उसने किशोरी की मां और बड़ी बहन को काम (रोजगार) भी दिलवाया, जिसके बाद परिवार उसे अपने बेटे की तरह मानने लगा था।
पांच बहनों से बंधवाई थी राखी
रिश्तों में प्रगाढ़ता दिखाने के लिए वसीम ने किशोरी सहित उसकी पांच बड़ी बहनों से रक्षाबंधन पर राखी भी बंधवाई थी। वह घर के बड़ों को माता-पिता का सम्मान देता था। परिजनों का कहना है कि उन्हें रत्ती भर भी अंदाजा नहीं था कि जिसे वे अपना बेटा और भाई मान रहे हैं, वह उनकी मासूम बेटी पर ही बुरी नजर रखे हुए है। किशोरी के अचानक लापता होने के बाद जब परिजनों ने उसकी तलाश की, तो वसीम का भी सुराग नहीं लगा। शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। भूपानी थाना पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
“हम मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस इस मामले में ‘लव जिहाद’ सहित सभी पहलुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है।”
— पुलिस प्रवक्ता, फरीदाबाद
क्षेत्र में तनाव और आक्रोश
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी रोष है। परिवार का कहना है कि आरोपी ने उनकी मदद करने और रिश्तों का ढोंग रचकर केवल उनका विश्वास तोड़ा है। पुलिस टीम किशोरी की बरामदगी और आरोपी वसीम खान की तलाश में जुटी है।