पलवल, (सरूप सिंह)। विकसित भारत संकल्प यात्रा की तैयारियों के संबंध में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों व पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक आयोजित की। वीसी में मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रदेश में 30 नवंबर से आरंभ होगी। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीसी के माध्यम से देशवासियों को अपना शुभ संदेश देंगे।

उन्होंने कहा कि 30 नवंबर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल विकसित भारत संकल्प यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और प्रदेशवासियों को अपना शुभ संदेश देंगे। यह यात्रा आगामी 26 जनवरी 2024 तक प्रदेश के सभी गांवों व शहरी क्षेत्र के वार्डों में पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष 2047 तक एक विकसित व आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य चलाई गई इस मुहिम में सभी ग्रासरूट लेवल पर कार्य करते हुए अपना हर संभव योगदान देवें।
मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने कहा कि 30 नवंबर को यात्रा के शुभारंभ से पहले अधिकारी पूरी रिहर्सल कर लें और इसकी सभी प्रकार की तैयारियां 29 नवंबर से पहले पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि यात्रा में ज्यादा से ज्यादा नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। विकसित भारत संकल्प यात्रा में उत्सव का माहौल होना चाहिए।
