ज़ियॉन लकेव्यू अपार्टमेंट सेक्टर 48 में पौधारोपण कार्यक्रम, 500 से अधिक पौधे लगाए

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ज़ियॉन लकेव्यू अपार्टमेंट सेक्टर 48 में एक भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन अपार्टमेंट प्रबंधन और स्थानीय निवासियों के संयुक्त सहयोग से किया गया, जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में वार्ड नंबर 18 के पार्षद कर्मवीर सिंह बैंसला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। इस दौरान अपार्टमेंट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में 500 से अधिक पौधे लगाए गए, जिनमें छायादार और फलदार पौधे शामिल रहे। इस अवसर पर पार्षद कर्मवीर सिंह बैंसला ने कहा कि “आज के समय में बढ़ते प्रदूषण और घटती हरियाली को देखते हुए ऐसे कार्यक्रमों की बेहद आवश्यकता है।

पौधारोपण केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि इसे निरंतर देखभाल और संरक्षण की जरूरत होती है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाए और उसकी जिम्मेदारी ले, तो आने वाले समय में हमारा वातावरण काफी हद तक स्वच्छ और सुरक्षित हो सकता है। क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए मैं सदैव तत्पर हूं और प्राथमिकता के आधार पर सभी मुद्दों का समाधान किया जाएगा।”

कार्यक्रम के दौरान आरडब्ल्यूए ज़ियॉन लकेव्यू के पदाधिकारियों और निवासियों ने मिलकर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रधान के सीए अंकित गर्ग, सचिव चारुदेव बंसल, कोषाध्यक्ष जेके मनीषी, कमल जैन, मनोज सिंह समेत अन्य अपार्टमेंट वासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस मौके पर निवासियों ने पार्षद को आरडब्ल्यूए की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और क्षेत्र में पानी, सफाई, सड़क आदि से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। पार्षद ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों को जारी रखने की बात कही।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top