चंडीगढ़, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा निवास में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रमों, खिलाड़ियों के प्रदर्शन, तिरंगा यात्रा, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस और गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को लेकर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। हर घर तिरंगा अभियान को गांव, शहर और वार्ड स्तर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
तिरंगा अभियान को बताया ‘जनभागीदारी का राष्ट्र उत्सव’
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि तिरंगा अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का राष्ट्रीय उत्सव है। उन्होंने किसानों से अपने घर और खेत, दुकानदारों से प्रतिष्ठानों, कर्मचारियों से कार्यालयों और परिवारों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों में तिरंगे तथा वंदे मातरम के इतिहास से जुड़ी प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। अभियान में युवाओं और विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
मुख्यमंत्री ने बताया कि 14 अगस्त को पूरे हरियाणा में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इसका राज्य स्तरीय समारोह गुरुग्राम में आयोजित होगा। इससे एक दिन पहले 13 अगस्त को प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जबकि जिला स्तर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विभाजन की पीड़ा झेलने वाले परिवारों को भी कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा और विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को याद किया जाएगा।
गुरु रविदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान
मुख्यमंत्री ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुरु रविदास जी महाराज को समर्पित ‘समरसता संकल्प अभियान’ 20 फरवरी 2027 तक चलेगा। इस अभियान के माध्यम से गुरु रविदास जी के समता, सेवा, भक्ति, सामाजिक न्याय, मानवता और सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना
मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय और हरियाणा के खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से हरियाणा के खिलाड़ियों और महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि खेलों में हरियाणा लगातार देश का नाम रोशन कर रहा है। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों को केंद्र और राज्य सरकार की खेल नीतियों तथा खिलाड़ियों को मिल रहे प्रोत्साहन से भी जोड़ा।
कांग्रेस पर साधा निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गरीब, पिछड़े और अनुसूचित वर्ग के लोगों के वोट तो लिए, लेकिन उनके हितों के लिए अपेक्षित काम नहीं किया। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की खेल नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय खिलाड़ियों के लिए नीति मुख्य रूप से ‘पदक लाओ, पद पाओ’ तक सीमित थी, जबकि वर्तमान सरकार ने खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए व्यापक नीति अपनाई है।
पेपर लीक के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
मुख्यमंत्री ने पेपर लीक के मामलों को लेकर भी विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जहां भी इस तरह की अनियमितताएं सामने आती हैं, उनकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने पंजाब में सामने आए कथित भर्ती और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं का जिक्र करते हुए आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं के हितों और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था को लेकर प्रतिबद्ध है तथा किसी भी गड़बड़ी में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
