रेवाड़ी, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। रेवाड़ी पुलिस ने फूड कॉर्नर संचालक के साथ मारपीट और गुंडागर्दी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल से झज्जर चौक तक पैदल परेड करवाई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उनसे पूछताछ जारी है।

जानकारी के अनुसार, सर्कुलर रोड पर एक फूड कॉर्नर संचालक के साथ तीन-चार युवकों ने पहले विवाद किया, फिर उसका खाना उठाकर फेंक दिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोपियों ने डंडे से उसके पैर और सिर पर भी वार किए, जिससे वह घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेवाड़ी पुलिस सक्रिय हुई और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों का मेडिकल कराने के बाद अस्पताल से झज्जर चौक तक पैदल परेड करवाई, ताकि समाज में कानून का संदेश जाए और असामाजिक तत्वों में भय पैदा हो।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक श्री कुमार मीणा के स्पष्ट निर्देश हैं कि जिले में गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को काबू कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। रेवाड़ी पुलिस ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम नागरिक सुरक्षित माहौल में अपना व्यवसाय और दैनिक जीवन संचालित कर सकें।