पलवल में 40 वीं हरियाणा राज्य महिला तीरंदाजी प्रतियोगिता का हुआ भव्य शुभारंभ

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने घुघेरा स्टेडियम में बतौर मुख्य अतिथि खिलाडिय़ों को किया प्रोत्साहित

पलवल, (सरूप सिंह)। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रविवार को खेल विभाग पलवल एवं जिला तीरंदाजी संघ पलवल के संयुक्त तत्वाधान में सर दीनबंधु छोटू राम स्टेडियम, घुघेरा (पलवल) में आयोजित 40वीं हरियाणा राज्य महिला तीरंदाजी प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर अर्जुन अवार्डी एवं डिप्टी डायरेक्टर खेल विभाग हरियाणा राम मेहर, सचिव तीरंदाजी संघ हरियाणा राम निवास हुड्डा तथा आर्चरी कोच खेल विभाग पलवल दीपक कुमार भी उपस्थित रहे।

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पलवल में पहली बार राज्य स्तरीय महिला तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जो जिले के लिए गर्व का विषय है। यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता प्रदेश की बेटियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करेगी, जिससे उत्कृष्ट खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगी।

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और देश का युवा यदि लक्ष्य निर्धारित कर ले, तो उसे प्राप्त करने के लिए हरसंभव प्रयास करता है। प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा खिलाडिय़ों को आधुनिक सुविधाएं, प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। राज्य एवं केंद्र सरकार के बजट में खेलों के विकास हेतु पर्याप्त धनराशि का प्रावधान किया गया है।

इस अवसर पर गौरव गौतम ने सभी प्रतिभागी खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी, तीरंदाजी संघ के पदाधिकारी, कोच, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top