रोहतक। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा युवाओं एवं पात्र स्वरोजगार इच्छुक नागरिकों को अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से लघु रिटेल स्टोर योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत पात्र आवेदक अपने गांव या वार्ड में रिटेल स्टोर स्थापित कर स्वरोजगार प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। उपायुक्त ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा उसका कम से कम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। आवेदक उसी गांव अथवा वार्ड का निवासी होना चाहिए, जहां रिटेल स्टोर प्रस्तावित किया जा रहा है।
इसके अलावा आवेदक के पास स्टोर संचालन के लिए निर्धारित मानदंडों के अनुरूप दुकानध्स्थान उपलब्ध होना चाहिए। सतबीर सिंह ने बताया कि रिटेल स्टोर के लिए कम से कम 200 वर्ग फुट क्षेत्रफल की दुकान अथवा स्थान होना आवश्यक है। 200 वर्ग फुट के स्टोर को स्थापित करने के लिए अनुमानित निवेश में लगभग 5,000 रुपये प्रतिभूति राशि, 70,000 से 80,000 रुपये फर्नीचर एवं फिटिंग तथा लगभग 2 लाख रुपये रेनोवेशन लागत शामिल है।
इस प्रकार स्टोर स्थापित करने की अनुमानित कुल लागत लगभग 2.70 लाख से 2.80 लाख रुपये तक आती है। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि पात्र आवेदक मुद्रा लोन के माध्यम से स्टोर खोलने के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकते हैं। योजना के तहत आवेदक को कुल लागत का लगभग 15 प्रतिशत हिस्सा स्वयं वहन करना होगा।
उदाहरण के तौर पर 2.70 लाख रुपये की कुल लागत पर आवेदक का हिस्सा लगभग 40,500 रुपये तथा 2.80 लाख रुपये की लागत पर लगभग 42,000 रुपये होगा। शेष राशि के लिए नियमानुसार बैंकिंग माध्यम से ऋण सुविधा प्राप्त की जा सकती है। सतबीर सिंह ने युवाओं एवं स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक पात्र नागरिकों से आह्वान किया कि वे योजना के निर्धारित पात्रता मानदंडों की जांच कर इसका लाभ उठाएं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि योजना की जानकारी अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाई जाए तथा इच्छुक आवेदकों को आवेदन प्रक्रिया एवं बैंक ऋण संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जाए।
