फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर फरीदाबाद में सेवा, समर्पण और जनसेवा का संदेश देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। एनआईटी-3 स्थित केएल मेहता महिला महाविद्यालय में 11 हजार दीपों से भव्य रंगोली सजाई गई। वहीं, जिलेभर में करीब 6 लाख दीप प्रज्वलित किए गए।

कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री एवं फरीदाबाद के सांसद कृष्ण पाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ बड़खल विधायक धनेश अदलखा, उपायुक्त आयुष सिन्हा, अतिरिक्त उपायुक्त अंजली श्रोत्रिया, जिला परिषद चेयरमैन विजय सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को देशभर में सेवा और जनकल्याण के संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है। फरीदाबाद में भी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जीवन का मूल मंत्र देश सेवा से जनसेवा है। उनके नेतृत्व में भारत आर्थिक विकास, आधारभूत ढांचे, सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ा है। देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है और इस लक्ष्य को हासिल करने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण होगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन, आवास और सामाजिक सुरक्षा जैसी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद और वंचित वर्गों तक सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हाईवे, एयरपोर्ट, मेट्रो, मेडिकल कॉलेज, एम्स, आईआईटी, आईआईएम, विश्वविद्यालय और ग्रामीण सड़कों सहित विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे का विस्तार हुआ है।
