फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार को सेक्टर-27 स्थित रुद्रा बैंक्वेट हॉल में दिव्यांगजनों को निःशुल्क ई-स्कूटर वितरित किए गए। केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कार्यक्रम में 200 दिव्यांगजनों को ई-स्कूटर प्रदान किए। यह पहल एएलआईएमसीओ (ALIMCO) और विभिन्न सीएसआर संस्थाओं के सहयोग से की गई।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से कुल 500 दिव्यांगजनों को निःशुल्क ई-स्कूटर उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवागमन में सुविधा देने के साथ उन्हें अधिक आत्मनिर्भर बनाना है।
85 थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को बांटे उपहार
कार्यक्रम के दौरान कृष्ण पाल गुर्जर ने रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर थैलेसीमिया से जूझ रहे 85 बच्चों को उपहार भी वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सेवा सामूहिक जिम्मेदारी है। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
अर्बन हेल्थ सेंटर में स्वास्थ्य जांच शिविर शुरू
इसके बाद केंद्रीय राज्यमंत्री ने मेवला महाराजपुर स्थित अर्बन हेल्थ सेंटर में स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि इस स्वास्थ्य केंद्र को सब-डिवीजन अस्पताल में परिवर्तित करने का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। जल्द ही इसे सब-डिवीजन अस्पताल के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे क्षेत्र के लोगों को व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए उन्होंने मेडिकल वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन जरूरतमंद और दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को निःशुल्क उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाएगी।
दिव्यांगजनों के लिए सरकार ने उठाए कई कदम
कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा और सरकारी नौकरियों में दिव्यांगजनों के लिए आरक्षण बढ़ाया गया है, जिससे उन्हें शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं।
उन्होंने ‘सुगम्य भारत अभियान’ का उल्लेख करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों को दिव्यांगजनों के लिए अधिक सुगम बनाने के लिए रैंप, लिफ्ट और अन्य सुविधाओं के विकास पर जोर दिया गया है। इसके अलावा दिव्यांगजनों को श्रवण यंत्र, चश्मे, कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण भी उपलब्ध करवाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बनने के साथ सम्मानजनक जीवन जी सकें। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं, सीएसआर पार्टनर्स और आमजन से सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर जरूरतमंद लोगों की मदद करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ई-स्कूटर वितरण में आर्थिक एवं अन्य सहयोग देने वाले सीएसआर पार्टनर्स को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर विधायक मूलचंद शर्मा, विधायक धनेश अदलखा, विधायक सतीश कुमार फागना, जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा, पूर्व विधायक रामरतन, एएलआईएमसीओ के प्रतिनिधि, निगम पार्षद, सीएसआर सहयोगी, उद्योगपति और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
