जनसंवाद कार्यक्रम: 64 शिकायतों का मौके पर समाधान, ग्रामीणों का प्रशासन पर बढ़ा विश्वास

पलवल, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। जिला प्रशासन पलवल की ओर से जिला के खंड बडौली के गांव कुलैना के परशुराम भवन में रात्रि ठहराव जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसंवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने की। उपायुक्त ने जिला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की शिकायतें और समस्याएं सुनते हुए 64 में से अधिकतर शिकायतों और समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया।

उपायुक्त ने कहा कि आमजन की शिकायतों के निवारण के लिए शुरू किए गए जनसंवाद कार्यक्रम आज सफल हो रहे हैं। इसके परिणाम स्वरूप जो लोग जिला प्रशासन के पास अपनी शिकायतों के समाधान के लिए नहीं जा पाते, ऐसे लोगों के लिए जिला प्रशासन गांव में शिविर लगाकर उनका समाधान करवाया जाता है। इससे ग्रामीणों और जिला प्रशासन के बीच कड़ी मजबूत होती है तथा सरकार के प्रति लोगों का विश्वास अटूट बनता है।

एग्रीस्टैक योजना के तहत किसानों को मिलेगी डिजिटल पहचान : उपायुक्त
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने किसानों से भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की पहल किसान रजिस्ट्री एग्रीस्टैक परियोजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए किसान आईडी बनवाने की अपील की। उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत किसानों का जनसांख्यिकीय विवरण, कृषि भूमि, जीपीएस निर्देशांक, और फसलों का विवरण डिजिटल रूप से संग्रहीत किया जाएगा। किसानों को 11 अंकों की यूनिक विशिष्ट किसान आईडी आवंटित की जाएगी। यह डिजिटल पहचान किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में मदद करेगी।

नशाखोरी के प्रति पुलिस विभाग ने अपनाई हुई है जीरो टॉलरेंस नीति : पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने कहा कि पुलिस प्रशासन सेवा-सुरक्षा-सहयोग की भावना से कार्य कर रहा है। नशाखोरी के प्रति पुलिस विभाग ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई हुई है। विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाकर अब तक जिले की अनेक ग्राम पंचायतों को नशामुक्त किया गया है, जिसमें गांवों के सरपंचों का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने आमजन विशेषकर युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे की लत से दूर रहे और अपनी ऊर्जा का प्रयोग देश ओर प्रदेश के विकास में करें।

स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी :
ग्राम पंचायत कुलैना में लगाए गए रात्रि ठहराव जनसंवाद कार्यक्रम में सरकार के विभिन्न विभागों ने अपनी स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को उनका पूर्ण लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। विभागीय अधिकारियों ने मंच से भी अपनी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए उनका फायदा उठाने की पूर्ण प्रक्रिया से अवगत करवाया।

गांव कुलैना की सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप ने उपायुक्त को गांव की समस्याओं से करवाया अवगत :
रात्रि ठहराव जनसंवाद कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कुलैना की सरपंच संगीता देवी के प्रतिनिधि प्रदीप ने मांग पत्र के माध्यम से उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठï को गांव में आवारा पशुओं को पकड़वाने, अवैध कब्जा हटवाने, सफाईकर्मी नियुक्त करवाने, पीने के पानी की पाइप लाइन बिछवाने तथा गांव में बिजली के खम्भे सहित स्ट्रीट लाइट लगवाने सहित विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।

 

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top