नीट (यूजी) परीक्षा 2026 के लिए तैयारियां पूरी, आज होगी परीक्षा

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा 3 मई को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) परीक्षा 2026 के सफल और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने शनिवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, बायोमेट्रिक सत्यापन प्रणाली और जैमर की स्थिति की जांच की। इसके साथ ही प्रवेश और निकास व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, परीक्षा कक्षों की निगरानी और नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया गया।

एडीसी ने निर्देश दिए कि परीक्षा से पहले सभी व्यवस्थाओं की दोबारा जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या न आए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित माहौल में आयोजित की जाएगी। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए और भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाएं। साथ ही लागू नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। जिला प्रशासन ने परीक्षा के संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी तय कर दी है। प्रत्येक केंद्र पर निरीक्षण दल और उड़नदस्ते तैनात किए गए हैं, जो लगातार निगरानी रखेंगे।

अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, आवश्यक दस्तावेज साथ लाएं और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top