रोहतक,(प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत योग्य पात्र लाभार्थियों के लिए प्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, जिसकी अंतिम तिथि 4 फरवरी 2026 है। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत जिला में लगभग 231 पात्र लाभार्थियों की पहचान की गई है।

नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग से लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित प्लॉटों के आवंटन की नीति 23 अक्टूबर 2025 के अंतर्गत यह प्रक्रिया संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया आगामी तीन से चार दिनों तक जारी रहेगी। योजना के तहत पात्र आवेदकों की सूची एवं उपलब्ध प्लॉटों का विवरण हाउसिंग फॉर ऑल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://hfa.haryana.gov.in पर उपलब्ध है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि पात्र लाभार्थी उपरोक्त वेबसाइट पर जाकर मात्र 10 हजार की राशि जमा कर अपना प्लॉट बुक कर सकते हैं। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए लाभार्थी 0172-2585852 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त यदि किसी पात्र लाभार्थी को योजना के अंतर्गत किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वह जिला विकास भवन स्थित अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस पर व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकता है।